पंजाब में कई सरपंचों ने आम आदमी पार्टी का हाथ थामा, चेतन सिंह जौरमाजरा ने किया स्वागत
आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी लगातार लोगों के बीच जाकर पार्टी के पिछले दो साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड रख रही है। पंजाब में आम आदमी पार्टी को भरोसा है कि वह आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
प्रदेश में बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए दूसरे दलों के नेता और निर्दलीय नेता भी आम आदमी पार्टी का दामन थाम रहे हैं। लोकसभा क्षेत्र श्री फतेहगढ़ साहिब के अलग-अलग गांवों के सरपंचों ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। इन सभी का चेतन सिंह जौरमाजरा ने पार्टी में स्वागत किया। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में कई सरपंच साहिब आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद इन सरपंचों ने कहा कि वह आम आदमी पार्टी की सफलता के लिए हर सेवा पूरी लगन से करेंगे।

बता दें कि पंजाब में लोकसभा की कुल 13 सीटें हैं और इन सभी सीटों पर जीत दर्ज करने के इरादे से आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों की घोषणा की है। प्रदेश में पार्टी ने किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं किया है और अकेले दम पर इन सभी सीटों पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ रही है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों से अपील की है कि आम आदमी पार्टी के सभी 13 उम्मीदवारों को संसद भेजकर मेरे हाथों को मजबूत कीजिए, जिससे मैं आपकी और बेहतर सेवा कर पाऊं। अगर ये 13 उम्मीदवार संसद पहुंचेंगे तो किसी की हिम्मत नहीं है कि वह पंजाब के फंड को रोक ले। भगवंत मान ने कहा कि केंद्र सरकार ने पंजाब का 8000 करोड़ रुपए का फंड रोक रखा है।












Click it and Unblock the Notifications