सीएम मान ने श्रीफतेहगढ़ साहिब के लिए खोला खजाना, अधिकारियों को दिया सख्त निर्देश
Punjab Government: पंजाब सरकार युद्धस्तर पर सूबे की सड़क बनाने का काम कर रही है। इसी के तहत मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को गुरुद्वारा साहिब को जाने वाली सड़कों की मरम्मत के लिए 95.54 लाख रुपए जारी किए हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्रीगुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों की शहादत को समर्पित शहीदी सभा के दौरान गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को इससे सुविधा होगी। सीएम मान ने कहा कि इसके लिए जितने फंड की जरूरत है, जिला प्रशासन को आवंटित कर दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस काम को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
सीएम भगवंत सिंह मान ने कहा कि फतेहगढ़ साहिब की पवित्र धरती केवल सिख समुदाय को ही नहीं बल्कि समूची मानवता को प्रेरणा देती है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु देश के कौने कौने से छोटे साहिबजादों और माता गुजरी जी के शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित करने यहां पहुंचते हैं। छोटे साहिबजादों की कुर्बानी का जिक्र करते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि ऐसी मिसाल दुनिया के इतिहास में कहीं और नहीं मिलती।

श्रद्धालुओं के उचित व्यवस्था की जाए
जिला प्रशासन को निर्देश देते हुए मान ने कहा पवित्र स्थान पर माथा टेकने के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए उचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा में कोई कमी न रहे, इसलिए वे सभी व्यवस्थाओं की खुद निगरानी करेंगे, ताकि संगत को किसी तरह की कठिनाई न हो। इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि पवित्र स्थल पर आने वाले हर श्रद्धालु के लिए अधिकतम सुविधाएं सुनिश्चित करें।
आगे मान ने कहा कि यह फंड बसी संघोल रोड, जोधपुर से महिदियां रोड, सरहिंद चुन्नी रोड से घुमंडगढ़, सरहिंद चुन्नी रोड से दुफेरा, नोगांवां से लोहाड़ी रोड, बसी से डडहेड़ी वाया जेरखेला खेड़ी, फिरोजपुर, बाग सिकंदर, खरड़ बसी रोड से घुमंडगढ़, बसी संघोल रोड से कोटला मकसूदां वाया अब्दुल्लापुर महिदूदा, खेड़ी नौध सिंह से बसी पठाना तक मेक लिमट वाया बोर और अन्य सड़कों को पैच मुक्त करने के लिए विशेष रूप से आवंटित किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications