Punjab: 'रंगला पंजाब' बनाने के लिए मान सरकार प्रतिबद्ध, मंत्री बलजीत कौर ने कही ये बात
'Rangla Punjab' Vision: पंजाब की भगवंत मान सरकार 'रंगला पंजाब' बनाने लिए लगातार काम कर रही है। बीते दिन पंजाब में राज्य सरकार द्वारा नवनिर्वाचित पंचों को शपथ दिलाई गई है। इसके लिए राज्य के अलग-अलग जिलों में शपथ समारोह आयोजित किया गया। खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे। हर एक जिले में एक कैबिनेट मंत्री ने नवनिर्वाचित पंचों को दिलाई। ऐसे ही फाजिल्का जिले में कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने नवनिर्वाचित पंचों को शपथ दिलवाई। समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री के 'रंगला पंजाब' विजन को हासिल करने के लिए पंचायतों का महत्वपूर्ण योगदान बहुत जरुरी है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने फाजिल्का के नवनिर्वाचित पंचों को सीएम भगवंत मान के 'रंगला पंजाब' विजन में शामिल होने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार गांवों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने घोषणा की कि पंजाब का सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग उन गांवों को विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये का विशेष अनुदान देगा, जहां अनुसूचित जाति की आबादी 50 प्रतिशत से ज्यादा है।

आगे मंत्री बलजीत कौर ने कहा कि फाजिल्का के 40 गांव इस योजना में शामिल हैं। इन गांवों को अनुदान की पहली किस्त जल्द ही जारी कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जिन गांवों में सर्वसम्मति से चुनाव हुए हैं, उन्हें स्पेशल अनुदान मिलेगा। गांवों में समुदायों को मजबूत करने और जातिगत भेदभाव को जड़ से खत्म करने को लेकर उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग उन गांवों को 5 लाख रुपये का अनुदान देगा, जो एक साझा श्मशान घाट का निर्माण करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications