लुधियाना गैस लीक ने छीन ली पूरी परिवार की जिंदगी, पति-पत्नी और 3 बच्चों की मौत, परिजनों को छलका दर्द
Ludhiana gas leak: पंजाब के लुधियाना जिले के ग्यासपुरा इलाके में रविवार सुबह गैस रिसाव की घटना के बाद तीन बच्चों सहित कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है।

Ludhiana gas leak Victim News: पंजाब के लुधियाना जिले के ग्यासपुरा इलाके में रविवार 30 अप्रैल को हुए गैस लीक मामले में 11 लोगों की मौत हो गई है। लुधियाना के पुलिस कमिश्नर मनदीप सिंह सिद्धू ने कहा कि 11 लोगों में से एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत हुई है, जिसमें पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। वहीं चार अन्य अस्पताल में भर्ती हैं।
गैस रिसाव लुधियाना में शेरपुर चौक के पास सुआ रोड पर एक फैक्ट्री में 30 अप्रैल की सुबह 7 बजे के आसपास हुआ। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। वहीं फायर ब्रिगेड को वहां तैनात किया गया है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की एक टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है।
जमालपुर के शंभु नारायण ने कहा कि उनके 40 वर्षीय भतीजे कबीलाश कुमार (Kabilash Kumar) और उनकी पत्नी वर्षा देवी (Barsha Devi) के साथ उनके तीन बच्चे 16 वर्षीय कल्पना, 12 वर्षीय अभय नारायण और 9 वर्षीय आर्यन की घटना में मौत हो गई है।

एक स्थानीय राम मूरत ने कहा कि उनके रिश्तेदार 28 वर्षीय सौरव गोयल और उनकी पत्नी त्रिति गोयल, भाई गौरव गोयल अपनी मां और आठ महीने के लड़के के साथ गैस रिसाव में फंस गए थे। फिलहाल बच्चा खतरे से बाहर है, जबकि दंपती और मां की मौत हो गई है। गौरव की हालत गंभीर है।
एक अन्य स्थानीय उमेश कुमार ने कहा, ''जब मैं सुबह उठा था तो एक अजीब सी दुर्गंध आ रही थी और सिरदर्द हो रहा था। मैंने खुद को गैस से बचाने के लिए सभी दरवाजे और खिड़कियां बंद कर लीं। बाद में घर से बाहर निकलने के बाद अपने एक रिश्तेदार के घर में शिफ्ट होने का फैसला किया।''
इस इलाके में कई दुकानें शामिल हैं, जहां ज्यादातर कारखानों में काम करने वाले मजदूर रहते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक गोयल कोल्ड ड्रिंक, कमल किरयाना और आरती मेडिकल क्लिनिक से गैस का रिसाव हो रहा था। इन दुकानों को चलाने वालों के परिवार पहली मंजिल पर रहते हैं और बाकी दुकानें ग्राउंड फ्लोर पर हैं।
लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर सुरभि मलिक ने कहा कि मैनहोल में एक केमिकल के रिएक्शन होने का शक है। इलाके के मैनहोल से सैंपल ले लिए गए हैं, क्योंकि ऐसा शक है कि मौत न्यूरोटॉक्सिन के कारण हुई है।"

सुरभि मलिक ने आगे कहा, ''अलग-अलग तरह के रासायनिक टेस्ट के लिए मैनहोल से सैंपल निकाले जा रहे हैं। फिर अगर संभव हो तो हम ज्यादा जानकारी ले पाएंगे। फिलहाल गैस का प्रभाव कम है। लेकिन एमसी की टीमें, पीपीसीबी की टीमें यह जांचने के लिए काम कर रही हैं कि क्या इस तरह की कोई और रासायनिक प्रतिक्रिया आसपास है या नहीं।''












Click it and Unblock the Notifications