चुनाव की घोषणा से ठीक पहले बदले गए पंजाब के DGP, IPS वीरेश कुमार भावरा ने संभाला पदभार
चुनाव की घोषणा से ठीक पहले बदले गए पंजाब के DGP, IPS वीरेश कुमार भावरा ने संभाला पदभार
चंडीगढ़, 09 जनवरी: पंजाब विधानसभा चुनाव की घोषणा होने से ठीक पहले 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी वीरेश कुमार भावरा को पंजाब का नया डीजीपी बना गया है। यह फैसला पंजाब मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सरकार ने यूपीएससी से प्राप्त पैनल के आधार पर लिया है। बता दें, वीरेश कुमार भावरा भरतपुर (राजस्थान) के बयाना के रहने वाले हैं और तीन महीने में पंजाब के तीसरे डीजीपी बने हैं।

कार्यभार संभालने के बाद नवनियुक्त डीजीपी वीरेश कुमार भावरा ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव-2022 करीब हैं और पंजाब पुलिस चुनाव का सुचारु संचालन सुनिश्चित करेगी। चुनाव को ध्यान में रखते हुए पुलिस यह भी सुनिश्चित करेगी कि चुनाव प्रलोभन मुक्त तरीके से हो। उनका ध्यान राज्य से नशीली दवाओं के खतरे और आतंकवाद को खत्म करने पर होगा। पीपल सेंट्रिक पुलिसिंग (जनता केंद्रित पुलिसिंग) और पब्लिक सर्विस डिलीवरी (लोक सेवा वितरण) उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।
दरअसल, संघ लोक सेवा आयोग ने मंगलवार को नई दिल्ली में एक बैठक की थी। बैठक में इस (डीजीपी) शीर्ष पद के लिए तीन अधिकारियों को सूचीबद्ध किया गया था। भावरा के अलावा पूर्व पुलिस प्रमुख दिनकर गुप्ता (1987 बैच के) और 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रबोध कुमार भी इसमें शामिल थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार रात मुख्यमंत्री ने पैनल पर विचार किया। बैठक में तो फैसला नहीं हो सका था लेकिन शनिवार को चुनाव आचार संहिता लागू होने की खबरों के बीच सीएम ने आनन-फानन भावरा के नाम पर मुहर लगा दी।
डीजीपी होमगार्ड में थे तैनात
1987 बैच के आईपीएस अधिकारी वीरेश कुमार भावरा इस समय डीजीपी होमगार्ड तैनात थे। वे विजिलेंस चीफ के तौर पर भी काम कर चुके हैं। भावरा पुलिस मेडल मेरिटोरियस सर्विस और डिस्टिंगुइश्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल के अवार्डी हैं। उन्होंने पंजाब, असम और इंटेलिजेंस ब्यूरो भारत सरकार में अलग-अलग पदों पर शानदार सेवाएं निभाई हैं। वह एसएसपी मानसा, डीआईजी पटियाला रेंज और आईजीपी/बठिंडा के तौर पर भी काम कर चुके हैं। वह डीजीपी/एडीजीपी-इंटेलिजेंस, प्रोविजनिंग और आधुनिकीकरण, सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार, ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन, आंतरिक निगरानी और मानवीय अधिकार और कल्याण के तौर पर पंजाब पुलिस के अलग-अलग विंगों के प्रमुख के तौर पर काम कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications