पटियाला के सैदखेड़ी गांव में बारिश की वजह से गिरी दीवार, प्रवासी मजदूर परिवार के 4 सदस्यों की मौत
पटियाला, जून 11। पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में गुरुवार को तेज हवाओं के साथ बारिश भी हुई है, जिसकी वजह से कहीं पेड़ तो कहीं दीवार गिरने की वजह से हादसे हो गए। ऐसा ही एक मामला पटियाला के जिले के सैदखेड़ी गांव से सामने आया है, जहां दीवार गिरने की वजह से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जिसमें दो बच्चे शामिल हैं। इस हादसे में मारे गए सभी लोग प्रवासी मजदूर थे।

पीटीआई की खबर के मुताबिक, प्रवासी मजदूरों का ये परिवार जिस कमरे में रह रहा था, उससे सटी हुई दीवार बारिश की वजह से ढह गई। इस घटना को लेकर इलाके के एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि यहां भारी बारिश हुई थी, जिसकी वजह से ईंटों की ये दीवार गिर गई।
खेड़ी गंदियां थाने के प्रभारी निरीक्षक कुलविंदर सिंह ने बताया कि एक अन्य घटना में पटियाला जिले में ही एक मोटरसाइकिल सवार की मौत उस समय हुई, जब उसने बारिश से बचने के लिए सड़क के किनारे मौजूद कंटेनर की आड़ ली, लेकिन कंटेनर के झुकने से वह उसके नीचे दब गया।
आपको बता दें कि पंजाब और हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में गुरुवार को तेज बारिश हुई। आपको बता दें कि दक्षिण के बाद मानसून अब धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और इस महीने के अंत तक मानसून दिल्ली और आसपास के राज्यों तक पहुंच सकता है। मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को अपने बुलेटिन में कहा कि अगले तीन दिनों के लिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ तेज हवाएं और हल्की बूंदाबादी की संभावनाएं हैं।












Click it and Unblock the Notifications