पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान को लेकर सीएम भगवंत मान की पुलिस को दो टूक
पंजाब में नशे के खिलाफ भगवंत मान सरकार ने अभियान छेड़ रखा है। प्रदेश के पुलिस अधिकारियों को मुख्यमंत्री की ओर से निर्देश दिया गया है कि वह नशे के खिलाफ अभियान चलाएं। इसको लेकर पुलिस आयुक्तों और एसएसपी के साथ बैठक की गई है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भगवंत मान ने अधिकारियों को बिना किसी दबाव के काम करने को कहा है। उन्होंने कहा कि रंगदारी और फिरौती के मामलों को रोकने के हर संभव प्रयास किए जाएं और इस तरह के मामलों का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी नशे की तस्करी में शामिल है उसे किसी भी सूरत में बख्शा ना जाए। प्रदेश की पुलिस ने पहले ही नशे की सप्लाई की चेन को तोड़ने का काम किया है। बड़ी संख्या में बड़े तस्करों को जेल के पीछे भेजा गया है। इस अभियान को आगे भी जारी रखा जाए और हर स्तर पर नशे के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मादक पदार्थ से जिन तस्करों ने संपत्ति बनाई हैौ उन्हें जब्त किया जाए और इस प्रक्रिया को तेज किया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि अपनी ड्यूटी पर अपने रिकॉर्ड को बेहतर रखें।
प्रदेश की कानून व्यवस्था को बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसमे किसी भी तरह की कोई कोताही नहीं बरतनी चाहिए। संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस को सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी प्रदेश में कानून व्यवस्था को बनाए रखने में निष्पक्षता का परिचय दें और अपनी जिम्मेदारी बेहतर तरह से निभाएं। इसके साथ ही अधिकारियों को अपने जिले का दौरा करने का निर्देश दिया गया है। आम लोगों के बीच अपना विश्वास बढ़ाएं, जिससे लोगों की समस्या का हल करने में आसानी होगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी को बढ़ाएं।












Click it and Unblock the Notifications