पंजाब के शहरों का होगा कायाकल्प, सीएम भगवंत मान ने साझा किया प्लान
Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के सभी नगर निगमों के आयुक्त और दिल्ली के अपने समकक्ष के साथ बैठक की। यह बैठक शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार के अनुभवों को शेयर करने के समझौते के तहत आयोजित किया गया था। इसमें उन्होंने पंजाब में निगम के अंतर्गत आने वाले शहरों के विकास के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की। सीएम मान ने बताया कि इस मीटिंग का मुख्य उद्देश्य राज्य के नगर निगम में चल रहे विकास कार्य को और रफ्तार देना है।
सीएम भगवंत मान ने कहा कि इसका मकसद यह भी सुनिश्चित करना है कि पंजाब के शहरों में रहने वालों को राजधानी दिल्ली की तर्ज पर आधुनिक नागरिक सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पहले से ही इस पर तेजी से काम कर रही है। अब इस काम को पूरा करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। AAP सरकार ने नागरिक केंद्रित सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ शहरों के व्यापक विकास का एक नया मसौदा तैयार किया है। इन्हीं के तर्ज पर यहां के शहरों में बड़े पैमाने पर विकास करने का लक्ष्य रखा है, जिसके लिए दिल्ली सरकार की विशेषयज्ञता का सही तरह से इस्तेमाल किया जा सकता है। सीएम मान ने कहा कि यह रिकॉर्ड में है कि हमारे नेता अरविंद केजरीवाल के दूरदर्शी नेतृत्व में AAP सरकार ने शहरी विकास और योजना के क्षेत्र में अनोखे कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

सीएम भगवंत मान ने आगे कहा कि दिल्ली मॉडल शहरी विकास के क्षेत्र में पूरे देश के लिए एक आईडियल मॉडल बनकर उभरा है, इसलिए पंजाब को इससे बहुत लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि शहरों की साफ-सफाई, शुद्ध पानी, पानी की आपूर्ति, स्ट्रीट लाइटों के साथ-साथ शहरों का विकास पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सड़कों की स्थिति की पहचान करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करने का निर्णय लिया गया है। इसमें गड्ढे, टूटी हुई सड़कें और अन्य चीजें शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications