पीएम मोदी की सुरक्षा में नहीं हुई कोई चूक, पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाने की है गहरी साजिश- CM चन्नी
नई दिल्ली, जनवरी 07। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। कल की घटना के बाद से अब सियासी गलियारों में ये चर्चा जोरों पर है कि पंजाब में सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाया जा सकता है। इन अटकलों के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने केंद्र सरकार पर बड़ा पलटवार करते हुए ये आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार यही चाहती है कि पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गहरी साजिश रच रही है।

सुरक्षा में नहीं हुई कोई चूक- चन्नी
एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा है कि फिरोजपुर में पीएम मोदी की सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरती गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पहले हवाई जहाज से आने वाले थे, लेकिन रोड से आने का कार्यक्रम अचानक तय किया गया, जिसकी जानकारी मुझे नहीं दी गई थी।
पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाने की कोशिश हो रही है- चन्नी
वहीं इंटरव्यू के दौरान चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की अटकलों पर बोलते हुए कहा कि अगर ऐसा कुछ होने जा रहा है तो ये केंद्र सरकार की एक गहरी साजिश है। उन्होंने कहा, "यह पंजाब और पंजाबियत को बदनाम करने की एक गहरी साजिश है। यह राज्य की स्थिति को खराब करने का एक प्रयास है। केंद्र पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाना चाहता है।"
प्रधानमंत्री की तरफ गोली आई तो उसे मैं अपने सीने पर लूंगा- चन्नी
चरणजीत सिंह चन्नी ने आगे कहा है कि पंजाब सरकार पर जो आरोप लग रहे हैं, वो सरासर गलत हैं। सीएम चन्नी ने कहा, " प्रधानमंत्री जी ने पंजाब और पंजाबियों पर इतना बड़ा आरोप लगाया और हमें हत्यारों के रूप में चिह्नित किया है, मैं आपसे कहना चाहता हूं कि हम राष्ट्रवादी हैं, हमारे लोगों ने देश के लिए कई युद्ध लड़े हैं और आज भी पंजाब के शेर बॉर्डर पर शहीद होते हैं। मैंने पहले ही कहा है कि अगर प्रधानमंत्री की तरफ कोई गोली आएगी तो मैं उसे अपने सीने पर लूंगा।"












Click it and Unblock the Notifications