पंजाब को मिलेंगे 75 आम आदमी क्लीनिक, भगवंत मान ने कहा, यहां 100 चिकित्सीय जांच होगी मुफ्त
पटियाला, 24 जुलाई। पंजाब में पहली बार सत्ता में आने वाली आम आदमी पार्टी लगातार एक के बाद एक बड़े फैसले ले रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में आप सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर अब पंजाब में भी आम आदमी क्लीनिक खुलने जा रही है। खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसका ऐलान किया है। उन्होंने एक ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। भगवंत मान ने कहा कि इन क्लीनिक पर 4-5 लोगों का स्टाफ होगा, जहां पर 100 चिकित्सीय जांचें मुफ्त में की जाएंगी। मरीजों को यहां इन जांचों के साथ 41 पैकेज मुफ्त दिए जाएंगे।

भगवंत मान ने ट्वीट करके लिखा, जैसा कि हमने वादा किया था, हम आज़ादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर पंजाब के लोगों को 75 आम आदमी क्लिनिक समर्पित करेंगे।आज मोहाली में क्लिनिक का दौरा किया और कार्यों का जायज़ा लिया। हम पंजाबियों को भविष्य में भी उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। पांचवे चरण में बन रहे आम आदमी क्लीनिक का शनिवार को खुद मुख्यमंत्री ने दौरा भी किया और चल रहे कामकाज का जायजा लिया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ब्रह्म शंकर और राज्य सरकार के अन्य आला अधिकारी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी क्लीनिक लोगों को प्रदेशभर में बेहतर इलाज की सुविधा मुहैया कराएंगे। इन क्लीनिक में एमबीबीएस डॉक्टर, फार्मासिस्ट, नर्स व अन्य स्टाफ मिलाकर 4-5 लोग होंगे। यहां पर 100 क्लीनिकल टेस्ट के साथ लोगों को मुफ्त में इलाज दिया जाएगा। ग्रामीण और शहरी दोनों ही इलाकों में इन क्लीनिक को स्थापित किया जाएगा। माना जा रहा है कि इससे प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर होगी। खुद मुख्यमंत्री ने कहा कि इन क्लीनिक में 90 फीसदी मरीजों का इलाज होगा जिससे अन्य अस्पतालों का बोझ कम होगा। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए यह सरकार प्रतिबंद्ध है और इसी दिशा में यह क्रांतिकारी कदम प्रदेश सरकार ने उठाया है। इन क्लीनिकों में मरीजों को ऑनलाइन अप्वाइंटेंट की भी सुविधा मुहैया कराई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications