मान को प्लेन से उतारे जाने के दावे पर केजरीवाल का आया बयान, कहा-विपक्ष जानबूझकर कर रहा बदनाम
नई दिल्ली, 20 सितंबर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को 'नशे' में होने की वजह से जर्मनी में विमान से उतार दिए जाने के दावों पर आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल का बयान आया है। भगवंत मान का बचाव करते हुए गुजरात के वडोदरा में पत्रकारों से बात के दौरान केजरीवाल ने कहा कि विपक्ष मान पर कीचड़ उछाल रहा है और झूठ फैला रहा है, क्योंकि उन्हें उनके काम में कोई गलती नहीं दिख रही है। आपको बता दें कि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने सोमवार को आरोप लगाया कि मान को फ्रैंकफर्ट हवाईअड्डे पर लुफ्थांसा के विमान से इसलिए उतारा गया, क्योंकि वह नशे की हालत में थे।

भगवंत मान पर लगे आरोप को बताया गलत
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर लगे सभी आरोपों को केजरीवाल ने गलत बताया। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में मान साहब ने पंजाब में इतना काम किया है, जितना पिछले 75 सालों में पंजाब में किसी भी सरकार ने नहीं किया था। 75 वर्षों के बाद, पंजाब को एक 'कट्टार' ईमानदार और मेहनती मुख्यमंत्री मिला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जान-बूझकर उन्हें बदनाम कर रहा है। क्योंकि विपक्ष उनके काम में कोई गलती नहीं निकाल पा रहा है।
वहीं, आप अमानतुल्ला खान की गिरफ्तारी के बारे में पूछे जाने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि जिसने भी गलती की है, उसे सजा मिलनी चाहिए। साथ ही केजरीवाल ने इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि मैंने बीजेपी से ज्यादा बेकार पार्टी कभी नहीं देखी। इनके पास सीबीआई, ईडी, इनकम टैक्स और पुलिस है। इसके बावजूद, वे लोगों पर आरोप लगाने के लिए रोजाना प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं।
केजरीवाल ने कहा कि अगर मेरी केंद्र में कभी सरकार आई तो हम आरोपियों को सीधे जेल भेजेंगे और किसी पर आरोप लगाने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करेंगे। आपको बता दें कि एसीबी ने खान को भ्रष्टाचार के एक मामले में 16 सितंबर को गिरफ्तार किया था।
भगवंत मान मामले में जांच को लेकर सिंधिया ने कही थी ये बात
भगगवंत मान को प्लेन से उतारे जाने के आरोपों की जांच को लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का भी बयान आ चुका है। उन्होंने कहा कि वह विदेशी धरती थी। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम तथ्यों की पुष्टि करें। ऐसे में लुफ्थांसा से डेटा मिलने के बाद ही हम इस पर गौर करेंगे।
ये भी पढ़ें- भगवंत मान-लुफ्थांसा विवाद पर तोड़ी एयरलाइन कंपनी ने चुप्पी, दिया ये जवाब












Click it and Unblock the Notifications