'कभी नहीं छोड़ूंगी उसका साथ...', अमृतपाल सिंह की पत्नी ने इंटरव्यू में बताई कई बातें, ठिकाने को लेकर यह कहा
Amritpal Singh Wife Kirandeep Kaur: खालिस्तान समर्थक और भगोड़े अमृतपाल सिंह की पत्नी किरणदीप कौर ने कहा है कि पुलिस जिस तरह से उसके पति का पीछा कर रही है, वो अवैध है।

कट्टरपंथी खालिस्तानी नेता अमृतपाल सिंह पिछले कई दिनों से फरार चल रहा है। पंजाब पुलिस समेत कई एजेंसी भगोड़ अमृतपाल सिंह की तलाश में जुटी है। ऐसे में अमृतपाल सिंह की पत्नी किरणदीप कौर उनके बचाव में सामने आई हैं। किरणदीप ने कहा है कि जिस तरह से पुलिस उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश कर रही है वह 'अवैध' है।
The Week को हाल ही में दिए इंटरव्यू में किरणदीप ने दावा किया कि उन्हें अमृतपाल सिंह के ठिकाने के बारे में नहीं पता था। किरणदीप ने यह भी कहा कि वह किसी भी कीमत पर अपने पति को कभी नहीं छोड़ूंगी। उन्होंने कहा कि उसका फिलहाल अमृतपाल सिंह से कोई संपर्क नहीं है और वह उसे सुरक्षित घर वापस चाहती है।
किरणदीप कौर ने कहा, "अमृतपाल ने मुझे बताया था कि कभी भी कुछ भी हो सकता है। वह इस बारे में जानता था। अगर सरकार उसके खिलाफ है, तो वह उसकी गिरफ्तार कर सकती है, लेकिन उसने मुझे कभी नहीं बताया कि उसका इस तरह से पीछा किया जा सकता है। जिस तरह से पुलिस अमृतपाल के पीछे पड़ी है, वह गैरकानूनी है और किसी को हिरासत में लेने की कोशिश करने का यह सही तरीका नहीं है।"

ब्रिटेन में रहने वाली एनआरआई 29 वर्षीय किरणदीप कथित तौर पर पंजाब पुलिस के रडार पर है क्योंकि उसका नाम कथित तौर पर उसकी गतिविधियों और संगठन 'वारिस पंजाब दे' के लिए विदेशी संगठनों से धन जुटाने में आया है। 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख 30 वर्षीय अमृतपाल सिंह हैं।
किरणदीप कौर ने कहा, ''मैं इस स्थिति से भाग नहीं रही हूं। यह आरोप कि मेरे यूके में लिंक हैं या मैं कुछ अवैध काम कर रही हूं। ये सब आरोप गलत है। मैं यहां 180 दिनों तक रह सकती हूं। यहां दो महीने से हूं। मैं यहां से नहीं जाऊंगी। ये मेरा घर है।''
किरणदीप कौर ने फरवरी 2023 में एक सिंपल शादी के फंक्शन में अमृतपाल से शादी की थी। किरणदीप कौर से जब पूछा गया कि वह अमृतपाल से पहली बार कब मिलीं तो किरणदीप ने कहा कि वह सालों से उनको जानती हैं।

किरणदीप कौर ने कहा, ''मैंने देखा कि वह बहुत फेमस हैं। उनके पोस्ट कई लोग शेयर करते थे। मैंने अमृतपाल को सोशल मीडिया पर एक तारीफ भरा मैसेज किया था। मैंने कहा था कि जो वो कह रहे हैं, वो सच में बहुत खास है। मैंने उनसे कहा कि मैं भी उनका सपोर्ट करना चाहती हूं।"
किरणदीप कौर ने बताया कि अमृतपाल कभी भी उसको अपने साथ किसी यात्रा में नहीं ले गया। किरणदीप कौर ने कहा, ''वह हमेशा चाहते थे कि मैं सुरक्षित रहूं। यही वजह है कि वह अपने कार्यक्रमों के दौरान मुझे साथ नहीं ले जाना चाहते थे। मैं अभी भी बाहर निकल सकती थी क्योंकि कोई भी मुझे नहीं पहचानता था।''












Click it and Unblock the Notifications