अमित शाह से मुलाकात के बाद मूसेवाला के पिता बोले-अभी चुनाव नहीं लडूंगा
नई दिल्ली, 04 जून: पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता ने आज अपने बेटे की हत्या का इंसाफ लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से चंडीगढ़ में मुलाकात की। मूसेवाला के माता-पिता और अमित शाह के बीच लगभग 12 मिनट यह मुलाकात चली। सिद्धू मूस वाला की 29 मई को मनसा जिले के जवाहरके गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अमित शाह से मुलाकात के बाद मूसेवाला के पिता ने एक वीडियो शेयर कर चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लगा दिया है।

शनिवार को चंडीगढ़ में अमित शाह से मुलाकात के दौरान सिद्धू मूसेवाला के पिता रो पडे। वीडियो में मूसेवाला के पिता को केंद्रीय गृह मंत्री से हाथ जोड़कर बात करते देखा जा सकता है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार, मूसेवाला के परिवार ने अमित शाह को एक पत्र लिखकर पंजाबी गायक की हत्या की केंद्रीय एजेंसियों से जांच कराने की मांग की थी। इसी बीच, शनिवार को सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह द्वारा एक वीडियो संदेश जारी किया गया है।
पंजाबी गायक के पिता ने संगरूर लोकसभा क्षेत्र से उपचुनाव लड़ने के बारे में सभी अटकलों पर खारिज कर दिया है। बलकौर सिंह ने कहा कि, मैं अब चुनाव नहीं लड़ूंगा। मेरे बेटे का अंतिम संस्कार किए हुए ज्यादा समय नहीं हुआ है। सोशल मीडिया पर चुनाव लड़ने को लेकर जो भी चर्चा हो रही है, उससे दुख पहुंचा है। सिंह ने लोगों से अनावश्यक अफवाहें न फैलाने की भी अपील की और कहा कि वह 8 जून को इस मामले पर अपने विचार सबके सामने रखेंगे।
इसी बीच खबर आ रही है कि, राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट पंजाबी गायक के परिवार के सदस्यों से मिलने के लिए सोमवार को पंजाब का दौरा करेंगे। मूसेवाला 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार थे। शुक्रवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मूसेवाला के घर का दौरा किया और उनके परिवार को आश्वासन दिया था कि उनके हत्यारों को जल्द ही सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications