पंजाब के एडवोकेट जनरल अनमोल रतन सिद्धू ने दिया इस्तीफा, बताई ये वजह
चंडीगढ़, 26 जुलाई: भगवंत मान सरकार के गठन के साथ ही एडवोकेट जनरल डॉ. अनमोल रतन सिद्धू ने पदभार संभाला था। लेकिन आज यानी 26 जुलाई को डॉ. अनमोल रतन सिद्धू ने इस पद से इस्तीफा दे दिया। एडवोकेट जनरल डॉ. अनमोल रतन सिंह ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को लिखे पत्र में इस्तीफा देने का कारण 'व्यक्तिगत' बताया है। अनमोल रतन सिद्धू के इस्तीफे के बाद पंजाब सरकार ने विनोद घई को नया महाधिवक्ता नियुक्त किया है।

बता दें कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के सीनियर वकील डॉ. अनमोल रत्न सिद्धू को मार्च में ही पंजाब का एडवोकेट जनरल (एजी) नियुक्त किया गया था। चार महीने तक वो इस पद पर रहे और अब उन्होंने अपना इस्तीफा पंजाब के सीएम भगवत मान को भेज दिया। इस्तीफा देने के पीछे उन्होंने निजी कारण बताए हैं।
अनमोल रतन सिद्धू कौन हैं?
डॉ. अनमोल रतन सिद्धू ने अपनी पढ़ाई गांव के स्कूल से की है। अपनी प्राथमिक पढ़ाई के बाद 1975 में चंडीगढ़ आए औऱ सरकारी कालेज सेक्टर-11 में उच्च शिक्षा प्राप्त की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनमोल रतन सिद्धू ने राजनीति शास्त्र में पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद पंजाब यूनिवर्सिटी से लॉ किया। सिद्धू 1990 से लगातरा 12 साल तक सीनेट और सिंडिकेट के मेंबर भी रहे।
अनमोल रतन सिद्धू रह चुके हैं बार काउसिल के अध्यक्ष
अनमोल रतन सिद्धू कई बार पंजाब हरियाणा-बार काउंसिल के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। साथ ही, वो केंद्र और हरियाणा सरकार के साथ काम करने का भी अनुभव रखते हैं। हालांकि इससे पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह के कार्यकाल के दौरान भी अनमोल रतन सिद्धू के नाम की चर्चा ने जोर पकड़ा था लेकिन उस वक्त कांग्रेस में पनपी कलह और अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद उनकी नियुक्ति पर चल रही चर्चा को भी विराम दे दिया था।












Click it and Unblock the Notifications