AAP का सिद्धू पर हमला- अमरिंदर को मिलने वाला हिस्सा अब सिद्धू की जेब गरम कर रहा
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि लगता है जो हिस्सा पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह को पंजाब को लूटने वाले माफ़ियाओं से मिल रहा था अब नवजोत सिंह सिद्धू की जेब को गरम कर रहा है। यही वजह है कि आज वह माफ़ियाओं के ख़िलाफ़ कुछ नहीं बोल रहे
चंडीगढ़, अगस्त 6, 2021: आम आदमी पार्टी (आप ) पंजाब के सीनियर लीडर और नेता विपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू गिरगिट से भी तेज रंग बदलते हैं । कैप्टन के बाद अब सिद्धु भी कांग्रेस के उन मंत्रियों और विधायकों को गले लगा रहे हैं जिन पर पंजाब की जनता माफिया राज चलाने का आरोप लगा रही है।

हरपाल सिंह चीमा ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के साथ ही पंजाब को लूटने वाले मंत्रियों और विधायकों के ख़िलाफ़ सख़्त क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को पार्टी दफ़्तर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक हरपाल सिंह चीमा ने नवजोत सिंह सिद्धू पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सिद्धू दोहरे चरित्र के मालिक हैं, क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले वह जिन रेत, शराब, परिवहन और ज़मीन माफ़िया को ख़त्म करने को लेकर अपनी ही सरकार से ख़िलाफ़ बग़ावत कर रहे थे, आज उन्हीं लोगों के घर जाकर उन्हें गले लगा रहे हैं।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि लगता है जो हिस्सा पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह को पंजाब को लूटने वाले माफ़ियाओं से मिल रहा था अब नवजोत सिंह सिद्धू की जेब को गरम कर रहा है। यही वजह है कि आज वह माफ़ियाओं के ख़िलाफ़ कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।
नेता विपक्ष ने कहा कि पंजाब में बादल द्वारा स्थापित माफ़िया राज को अब मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का संरक्षण है और अब नवजोत सिद्धू ने भी अवैध शराब, रेत और भू-माफ़िया के आकाओँ से हाथ मिला लिया है। हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि 1992 से पंजाब पर शासन करने वाली सरकारों ने माफ़िया राज बनाया है। जिसकी वजह से आज पंजाब 3 लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा के क़र्ज़े में डूब गया है।
हरपाल सिंह चीमा ने आगे कहा कि माझा क्षेत्र में नकली शराब से मरने वालों को न्याय दिलाने का दावा करने वाले नवजोत सिंह सिद्धू आज शराब माफ़ियाओं की गोद में जाकर बैठ गए हैं। अपनी इस हरकत से पंजाब की जनता और शराब कांड में मरने वाले पीडि़तों के परिवार उन्हें कभी माफ़ नहीं करेंगे। विधायक हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह से लगाम लगाया जाएगा। शराब, ज़मीन, रेत, परिवहन और केबल माफिया में शामिल मंत्रियों, विधायकों और दूसरे लोगों के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई कर सख़्त से सख़्त सज़ा दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications