AAP Protest Punjab: मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में पंजाब में बड़ा प्रदर्शन, हजारों मजदूर सड़क पर उतरे
AAP Protest Punjab: मनरेगा का नाम बदलने के मुद्दे पर पंजाब में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बड़ा प्रदर्शन किया। रविवार को इस योजना को कमजोर करने के विरोध में पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ जुटे। इस विरोध प्रदर्शन में हजारों मनरेगा मजदूरों ने भाग लिया और केंद्र सरकार के फैसले को मजदूर विरोधी करार दिया। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों और पार्टी नेताओं ने नारेबाजी करते हुए मनरेगा को पहले की तरह बनाए रखने की मांग की।
सरकार ने इसका नाम बदलकर 'विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)' (VB-G RAM G) कर दिया है। संसद से यह बिल पास हो चुका है। आम आदमी पार्टी समेत कई अन्य विपक्षी दलों ने इसका नाम बदलने का विरोध किया है।

AAP Protest Punjab: हजारों मजदूरों ने लिया प्रदर्शन में हिस्सा
आम आदमी पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने संसद के शीतकालीन सत्र में मनरेगा का नाम बदलने वाला बिल पारित कर मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला किया है। पार्टी का कहना है कि मनरेगा सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों के लिए रोज़गार की गारंटी और सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार है। इसका नाम बदलना और इसके स्वरूप में बदलाव करना योजना की मूल भावना को कमजोर करने का प्रयास है।
प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने कहा कि मनरेगा से देश के करोड़ों ग्रामीण परिवारों को साल में कम से कम 100 दिन का रोज़गार मिलता है। पंजाब समेत कई राज्यों में यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानी जाती है। AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार मनरेगा के बजट में कटौती कर रही है और अब नाम बदलकर इसे धीरे-धीरे खत्म करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।
MNREGA के नाम बदलने का हो रहा जोरदार विरोध
मनरेगा मजदूरों ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए कहा कि इस योजना के जरिए उन्हें मुश्किल समय में काम और आय का सहारा मिला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने मनरेगा से जुड़े फैसले वापस नहीं लिए, तो देशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह मनरेगा मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखेगी और केंद्र सरकार के किसी भी मजदूर विरोधी फैसले का पुरजोर विरोध करेगी।












Click it and Unblock the Notifications