पंजाब में आम आदमी पार्टी की बढ़ी मुश्किलें, विपक्ष हुआ हमलावर, जानिए क्यों ?
पंजाब में 31 मार्च को राज्य सभा के चुनाव होने वाले हैं, इस बाबत राज्य में सियासी पारा चढ़ चुका है।
चंडीगढ़, 23 मार्च 2022। पंजाब में 31 मार्च को राज्य सभा के चुनाव होने वाले हैं, इस बाबत राज्य में सियासी पारा चढ़ चुका है। राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की घोषणा करने पर आम आदमी पार्टी फिर से विपक्ष के निशाने पर आ गई है। विपक्षी दलों के नेताओं ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए आप ने पंजाबियों पर विश्वास नहीं कर के बाहरी उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है। आम आदमी पार्टी ने पंजाबियों के साथ धोखा किया है।

राज्यसभा चुनाव के लिए AAP प्रत्याशियों के नाम
पंजाब में राज्यसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने अशोक मित्तल (संस्थापक,लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी), संदीप पाठक (असिस्टेंट प्रोफेसर, आईआईटी दिल्ली), संजीव अरोड़ा (उद्योगपति), राघव चड्ढा( आप विधायाक, दिल्ली) और हरभजन सिंह(पूर्व क्रिकेटर) को नामित किया है। पंजाब विधानसभा परिसर में सभी उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। ग़ौरतलब है कि पांचों में प्रत्याशियों में हरभजन सिंह ही सिख हैं। पंजाब में ज़्यादातर विपक्षी दल संदीप पाठक और राघव चड्ढा के नामांकन से नाराज़ हैं उनका कहना है कि यह दोनो पंजाब से ताल्लुक नहीं रखते हैं।

कांग्रेस नेता सिद्धू ने साधा AAP पर निशाना
पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने आम आदमी पार्टी पर तंज़ कसते हुए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली में बैठे लोग पंजाब सरकार को कंट्रोल करने की कोशिश कर रहे हैं। सिद्धू ने ट्वीट करते हुए कहा, 'दिल्ली के रिमोट कंट्रोल के लिए नई बैटरियां मिल गई हैं। उनके ट्वीट का इशारा पंजाब में राज्यसभा चुनाव के पांच मनोनीत उम्मीदवार की तरफ़ था। उन्होंने हरभजन सिंह को छोड़ कर बाकी सभी उम्मीदवारों पर तंज़ कसते हुए दिल्ली के रिमोट कंट्रोल के लिए बैटरी बताया है। सिद्धू ने 'यह पंजाब के साथ छल है' है लिखते हुए आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को टैग भी किया है।

'AAP की तरफ़ से प्रत्याशियों का चयन निराशाजनक'
पंजाब कांग्रेस के भोलथ से विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने भी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आप की तरफ़ से प्रत्याशियों का चयन सिर्फ़ निराशाजनक नहीं है, बल्कि दिल्ली के सीएण केजरीवाल का साफ़ संकेत है। उन्होंने कहा कि मैं यह समझ रहा था कि सीएम भगवंत मान पंजाब के कुछ प्रमुख हस्तियों को उच्च सदन में भेजेंगे ताकि वह राज्य से संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से उठा पाएंगे। लेकिन ऐसा लग रहा है कि सीएम ने पंजाब के हितों को पूरी तरह से अनदेखा कर दिया है।

SAD नेताओं ने भी साधा निशाना
शिरोमाणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता सुखबीर सिंह बादल ने भी आम आदमी पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब का हक छीन रही है। उन्होंने कहा क् मैंने पहले ही कहा था कि पंजाब सरकार दिल्ली से नियंत्रित होगी और दिल्ली के लोग ही शासन करेंगे, अब ठीक वैसा ही हो रहा है। पंजाब के लोगों ने बहकावे में आकर आम आदमी पार्टी को वोट दे दिया। वहीं शिअद विधायक दल के नेता मनप्रीत सिंह अयाली ने भी आप पर तंज़ कसते हुए कहा कि क्या आम आदमी पार्टी इसी बदलाव के बारे में बात कर रही थी? यह महसूस हो रहा है कारोबारियों को आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा का टिकट देकर पंजाबियों के साथ धोखा किया है, जैसा पहले दिल्ली में कर चुके हैं।
ये भी पढ़ें: पंजाब: असमाजिक तत्वों ने की माहौल बिगाड़ने की कोशिश, मंत्री बलजीत कौर ने की तुरंत कार्रवाई












Click it and Unblock the Notifications