पंजाब में बनेंगे नए सियासी समीकरण, आम आदमी पार्टी की नहीं लगा सकी राजेवाल पर दांव
पंजाब विधानसभा चुनावी के मद्देनज़र आम आदमी पार्टी किसान नेताओं पर दांव खेलना चाह रही थी, लेकिन पंजाब में आम आदमी पार्टी किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल को अपने साथ लाने में नाकामयाब रही है।
चंडीगढ़, 10 जनवरी 2022। पंजाब विधानसभा चुनावी के मद्देनज़र आम आदमी पार्टी किसान नेताओं पर दांव खेलना चाह रही थी, लेकिन पंजाब में आम आदमी पार्टी किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल को अपने साथ लाने में नाकामयाब रही है। ग़ौरतलब है कि किसान संगठन खुद भी चुनावी रण में उतर रहे हैं, इसी वजह से अब पंजाब में एक और सियासी समीकरण की बनने की अटकलें तेज़ हो चुकी हैं। संयुक्त समाज मोर्चा और किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी एक मंच पर आने की तैयारी कर रहे हैं। सयुक्त समाज मोर्चा की बैठक में गुरनाम सिंह चढूनी ने बलबीर सिंह राजेवाल से मुलाकात की और गठबंधन के संकेत दिए। बलबीर सिंह राजेवाल ने कि गठबंधन पर फैसला करने के लिए तालमेल कमेटी बना दी गई है।

बलबीर सिंह राजेवाल ने दिया झटका
पंजाब की सियासी गलियारों में अटकलों का बाज़ार गर्म था कि विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल पर दांव खेल सकती है। सीएम उम्मीदवार के तौर पर प्रोजेक्ट कर सकती है लेकिन राजेवाल ने इन बातों को पूरी तरह से निराधार बताया। उन्होंने दावा किया कि उनके राजनीतिक मोर्चे को 60 सीटें चाहिए थीं लेकिन आम आदमी पार्टी ने सिर्फ़ 10 सीटों की पेशकश की थी। उन्होंने साफ़ तौर पर यह कह दिया है आम आदमी पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा। संयुक्त समाज मोर्चा के नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कि कहा कि वह एक सप्ताह में अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर देंगे।पंजाब के विभिन्न किसान संगठनों ने तीन कृषि कानूनों की वापसी के बाद पिछले महीने ही विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की थी और अपना राजनीतिक मोर्चा शुरू किया था।

प्रत्याशियों की नहीं हुई घोषणा
रविवार को चंडीगढ़ में संयुक्त समाज मोर्चा के 10 प्रत्याशियों की घोषणा की जानी थी। वहीं मोर्चा के बैठक के बीच में किसान नेता चढूनी अचानक किसान भवन पहुंच गए। संयुक्त समाज मोर्चा के नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने चढूनी के साथ बातचीत की जिसके बाद चढूनी वहां से चले गए। राजेवाल से मुलाकात के बाद गठबंधन को लेकर चढूनी ने बताया कि बात शुरू हुई है। जल्द ही इस पर फैसला किया जाएगा। दोनों किसान नेताओं ने पंजाब चुनाव को लेकर रविवार को प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करनी थी, लेकिन एक नए सियासी समीकरण के बाद संयुक्त समाज मोर्चा और संयुक्त संघर्ष पार्टी की ओर से प्रत्याशियों की सूची पर रोक लगा दी गई है। अब तालमेल कमेटी द्वारा सीटों पर चर्चा के बाद ही प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी।
Recommended Video

गठबंधन को लेकर बनी सहमति
किसान नेता राजेवाल ने चढ़ूनी के साथ गठबंधन को लेकर कहा कि सब किसान एक साथ हैं। संयुक्त संघर्ष पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर मोर्चा की ओर से एक तालमेल कमेटी बनाई गई है। दोनों के बीच जल्द ही कमेटी की तरफ़ सीटों के बंटवारे पर फैसला किया जाएगा। संयुक्त समाज मोर्चा के किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि हम सब लोगों का परिवार एक है, सभी अगर साथ नहीं भी हैं तो वक्त के साथ फिर से एक हो जाएंगे और पंजाब को भ्रष्ट राजनीति से मुक्ति दिलाएंगे। वहीं किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि गठबंधन को लेकर बात शुरू हो चुकी है। सभी किसान साथ मिल कर चुनाव लड़ेंगे तो अच्छा होगा और किसानों को हम उनका हक़ दिला पाएंगे।
ये भी पढ़ें : पंजाब विधानसभा चुनाव: कांग्रेस का नया चुनावी फॉर्मूला, जानिए क्या है 111 के पीछे की सियासी गणित












Click it and Unblock the Notifications