पुणे: छात्र ठीक से नहीं सुना पाया 'श्लोक', शिक्षक ने बेरहमी से पीटा
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले में ठीक तरह से 'हरिपाठ' (श्लोक) नहीं करने पर शिक्षक द्वार छात्र को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। छात्र को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पीड़ित छात्र के परिजनों की शिकायत पर पुणे पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं आरोपी को भी हिरासत में ले लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, मामला पुणे जिले के अलंदी इलाके स्थित एक धार्मिक शिक्षण संस्थान का है। 21 फरवरी को 11 वर्षीय छात्र हरिपाठ (श्लोक) को पूरा करने में विफल रहा जो 28 भक्ति कविताओं का एक संग्रह है। हरिपाठ में विफल रहने पर शिक्षक भगवान पोहाने को गुस्सा आ गया और उन्होंने बच्चे को छड़ी से बेरहमी से पीटा। उन्होंने उसके हाथ-पैर और छाती पर छड़ी से वार किया। वह मासूम को तब तक पीटते रहे जब तक वह बेसुध नहीं हो गया।
पिटाई में नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका इलाज पिंपरी चिंचवाड़ स्थित अस्पताल में चल रहा है। छात्र की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, आलंदी पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि पीड़ित परिजनों की शिकायत पर भगवान पोहाने के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 के तहत केस दर्ज किया गया है। पोहाने को बीते गुरुवार परभणी से हिरासत में लेकर पुणे लाया गया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पीड़ित परिवार ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिक्षक की पिटाई से छात्रा की टूटी हड्डी
20 फरवरी को संताक्रूज के एक स्कूल में शिक्षक की पिटाई से एक 13 वर्षीय छात्रा की कोहनी की हड्डी टूटने का मामला सामने आया था। लड़की के माता-पिता ने इस मामले में शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी थी, थाने के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार इस मामले में जांच अभी जारी है हालांकि आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है।












Click it and Unblock the Notifications