प्रतापगढ़: अवैध शराब मामले में 3 और पुलिसकर्मी सस्पेंड
प्रतापगढ़। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में एक करोड़ रुपए की अवैध शराब बरामद होने के मामले में तीन और पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। तीनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया और एक पूर्व थाना प्रभारी के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। बता दें, इस मामले में जिले के अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी को भी सस्पेंड किया जा चुका है।

अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी को भी किया गया था सस्पेंड
एसपी आकाश तोमर ने मंगलवार को बताया कि कुंडा क्षेत्र में शराब बरामदगी के मामले में थाना प्रभारी कुंडा कोतवाली डीपी सिंह, बीट के उपनिरीक्षक अजय सिंह और थाना हथिगवां के उपनिरीक्षक हंसराज दुबे को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि थाना हथिगंवा के पूर्व प्रभारी उदय त्रिपाठी के खिलाफ जांच का आदेश दिया गया है। उदय त्रिपाठी का तबादला पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) में किया गया है।
पुलिस की मिलीभगत से चल रहा था कारोबार
प्रतापगढ़ में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार हो रहा था। आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत से यह कारोबार हो रहा था। पिछले महीने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध शराब से एक दर्ज से अधिक लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद एक्शन में आए एसपी आकाश तोमर ने अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया। कुंडा सर्किल के दो थाने कुंडा कोतवाली और हथिगवां थाना क्षेत्र में एसपी ने अपनी टीम भेजकर जांच कराई तो बड़े पैमाने पर अवैध शराब के कारोबार का पता चला। बता दें, जहरीली शराब से पांच महीने पहले सबसे पहले फूलपुर के अमिलिया गांव में सात लोगों की मौत हुई थी। हंडिया क्षेत्र में 14 लोगों की जान गई। नवाबगंज में भी सात लोगों की मौत हो गई थी, हालांकि इनमें शराब से मौत की पुष्टि नहीं हो सकी थी। प्रतापगढ़ और चित्रकूट में भी कई लोगों की जहरीली शराब से जान चली गई।












Click it and Unblock the Notifications