VIDEO: घर से भागे पर प्रेमी युगल को मिली तालिबानी सजा, सरेआम बनाया मुर्गा
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में पंचायत द्वारा एक प्रेमी युगल को तालिबानी सजा देने का मामला सामने आया है। यहां भरी पंचायत में प्रेमी युगल को मुर्गा बनाकर ड़डों से पीटा गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। वहीं, पुलिस अब वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दे रही है।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, मामला प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र के गुजवर गांव का है। यहां गांव निवासी एक युवक गांव की ही एक महिला को लेकर फरार हो गया। कुछ दिनों बाद दोनों वापस गांव लौटकर आए। दोनों के वापस आने पर गांव में एक पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें पंचों ने दोनों को गलती करने की सजा मुर्गा बनने व उठके बैठक करना सुनाया।
वीडियो से आया चर्चाओं में
परिवार के लोगों का फरमान सुनते ही दोनों मुर्गा बनने के साथ ही उठक बैठक करने लगे। इस दौरान परिवार के लोगों ने प्रधान को भी मौके पर बुला लिया था। बाद में लड़की व लड़का एक दूसरे के साथ ही रहने की जिद पर अड़ गए। लड़की के घरवालों ने भी इजाजत दे दी। भागने के दौरान दोनों ने मंदिर में शादी भी कर ली थी। इस दौरान प्रेमी युगल को मुर्गा बनाने की वीडियो किसी ने बना ली थी। जिसे अब सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। ये वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है।
क्या कहना है पुलिस का
हालांकि युवती व युवक का कहना है कि उनके ऊपर कोई दबाव नहीं डाला गया। परिवार के लोगों के सम्मान में उन लोगों ने सजा स्वीकार की। इस बात की जानकारी पुलिस को भी नहीं है लेकिन प्रेमी युगल का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। वहीं, इस मामले में एसपी प्रतापगढ़ ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मामला संज्ञान में आने पर वीडियो के आधार पर मामले की जांच करने के आदेश दिए गए है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
ये भी पढ़ें:- प्रतापगढ़ सीट पर क्या हैं जीत-हार के पुराने सियासी आंकड़े