Lok Sabha Election: हो गया फाइनलǃ वरुण गांधी पीलीभीत से ही लड़ेंगे लोकसभा चुनाव
Lok Sabha Election 2024 Pilibhit: भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी ने अभी तक पीलीभीत लोकसभा सीट से प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। प्रत्याशी की घोषणा नहीं होने से असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कुछ लोगों का कहना है कि वरुण गांधी का टिकट इस बार बीजेपी से कट सकता है।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा अभी तक प्रत्याशी का नाम फाइनल नहीं किया गया है, बावजूद इसके वरुण गांधी पीलीभीत से ही चुनाव लड़ेंगे। इसके लिए उन्होंने अपने प्रतिनिधि के माध्यम से पीलीभीत जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से नामांकन पत्र खरीद लिया है।

ऐसे में यह तय हो गया है कि वरुण गांधी पीलीभीत से ही लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पहले दिन वरुण गांधी के निजी सचिव ने चार सेट में नामांकन पत्र खरीदा है।
सांसद वरुण गांधी के प्रतिनिधि कमलकांत, उनके संसदीय कार्यालय के प्रतिनिधि दीपक पांडेय और अधिवक्ता एमआर मलिक नामांकन पत्र खरीदने के लिए बुधवार को पीलीभीत नामांकन कक्ष पहुंचे थे।
तो क्या निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव?
नामांकन पत्र खरीदने के बाद यह साफ हो गया है कि वरुण गांधी पीलीभीत से ही चुनाव लड़ेंगे, लेकिन अगर भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया तो वह निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं या फिर समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरेंगे। हालांकि इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इसके साथ ही यह भी साफ हो गया कि अगर भारतीय जनता पार्टी किसी अन्य नेता को पीलीभीत से मैदान में उतारती है तो वरुण गांधी भी उनके खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। जिसके चलते इस बार पीलीभीत में लोकसभा चुनाव बेहद दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण हो जाएगा।
क्यों बीजेपी के टिकट पर है संशय?
दरअसल, सांसद वरुण गांधी लगातार सरकार के खिलाफ बयान देते रहे हैं। कहा जा रहा है कि इसी बात को लेकर पार्टी के नेताओं द्वारा उनका विरोध किया जा रहा है। ऐसे में पीलीभीत के भारतीय जनता पार्टी के नेता चाहते हैं कि उन्हें इस बार पार्टी से टिकट न मिले। वरुण गांधी के साथ ही उनकी मां मेनका गांधी के टिकट पर भी संशय बरकरार है।












Click it and Unblock the Notifications