बिहार: दबंगों ने महिला को खंभे से बांधकर पीटा, कपड़े फाड़े फिर मिस्त्री से जबरन भरवा दी मांग, 5 के खिलाफ FIR
बेतिया। बिहार के बेतिया में दबंगों ने एक महिला पर गलत आरोप लगाकर पिलर से बांधकर जमकर पिटाई की। कपड़े फाड़कर अर्धनग्न कर दिया। इतना ही नहीं दबंगों ने एक ग्रिल मिस्त्री से जबरन उसके मांग में सिंदूर भरवा दिया। दबंगों के डर से महिला भागकर अपने मौसी के घर मोतिहारी चली गई। महिला पहले से शादीशुदा है। उसके तीन बच्चे हैं, महिला के पति बाहर रहकर काम करते हैं। घटना 8 जून की है। पिटाई की वीडियो वायरल होने के बाद मुफ्फसिल पुलिस महिला के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। थानाध्यक्ष उग्रनाथ झा ने बताया कि महिला के बयान पर चरगाहा निवासी विश्वनाथ यादव, सरोज ठाकुर, अर्जुन पटेल, मंटू पटेल व जितेंद्र यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस को दिए बयान में महिला ने बताया है कि 8 जून को वह अपने घर पर खिड़की की मापी के लिए एक मिस्त्री को घर पर बुलाई थी। इसी दौरान आरोपी आए और पकड़कर घसीटते हुए घर से बाहर ले गए। गलत आरोप लगाकर गाली-गलौज करते हुए एक मंदिर के पिलर से बांध दिया और लोहे की रॉड से पिटाई करने लगे। कपड़े फाड़ दिए जिससे वह अर्धनग्न हो गई। आरोपियों ने जबरन मिस्त्री से उसके मांग में सिंदूर भरवा दिया। घर में भी लूटपाट की। आरोपियों के डर के कारण भाग कर वह अपनी मौसी के घर मोतिहारी चली गई। घटना के काफी दिन बीत जाने के बाद वह थाने में आई। तब पुलिस 17 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोपी युवक ने कहा- उस पर लगाए गए आरोप गलत
घटना में नामजद एक आरोपी जितेंद्र यादव ने बताया कि उसपर गलत तरह से केस दर्ज किया गया है, जबकि वह वीडियो में कहीं नहीं है। उसने बताया कि महिला का युवक के साथ प्रेम प्रसंग था और लोगों ने दोनों को घर से रंगे हाथ पकड़ा था, जिसके बाद कालीबाग के रहने वाले युवक की पत्नी व मां ने मौके पर पहुंच कर पिटाई की और साथ ही गांव के कुछ लोगों ने भी युवक व महिला की बांध कर पिटाई कर दी, जिसके बाद गांववालो ने जबरन दोनों की शादी करा दी।












Click it and Unblock the Notifications