बच्ची को जिंदा करने का बना रहे थे दबाव, नहीं कर सकी तो डायन बताकर दे दी दर्दनाक मौत
नवादा। बिहार के नवादा जिले में मॉब लिंचिंग का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग महिला को डायन बताकर लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। बता दें कि वारदात को अंजाम देने वाले दबंग महिला को ढाई साल की एक बच्ची की मौत के लिए जिम्मेदार मान रहे थे। वे बच्ची को जिंदा करने का दबाव डाल रहे थे। ऐसा नहीं कर पाने पर दबंगों ने महिला को सरेआम पीट-पीटकर मार डाला।

डायन होने का आरोप लगाते हुए पीटा
मीडिया खबरों के अनुसार, मामला नवादा जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कोयलीगढ़ गांव का है। मृतक महिला का नाम मंती देवी बताया गया। गोविंदपुर थाना प्रभारी ज्योति पुंज ने बताया कि मंती देवी का शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृतका मंती देवी के पति प्रसादी मांझी ने बताया कि उनकी पत्नी मंगलवार सुबह जब पानी लाने के लिए गयी थी तब वहां सभी आरोपी पहले से घात लगाए बैठे थे। उन्होंने डायन होने का आरोप लगाते हुए मंती देवी की बुरी तरह पिटाई कर दी।
12 लोगों के खिलाफ दर्ज हुई FIR
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मंती देवी को इलाज के लिए तुरंत स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मंती देवी को मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतक मंती देवी के पति ने 12 लोगों बिरजु मांझी, सुरेश मांझी, नरेश मांझी, कारू मांझी, कुना मांझी, अनिल मांझी, तुलसी मांझी, मुनी मांझी, सुखदेव मांझी और संजय मांझी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इनमें से 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृत बच्ची को जीवित करने का बनाया दबाव
मृतक मंती के परिजनों की मानें तो प्रदीप मांझी की ढाई साल की बेटी विनीता कुमारी की तबीयत पिछले चार दिनों से खराब थी। उसे उल्टी-दस्त हो रहे थे। सोमवार को रांची में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों व ग्रामीणों का मानना था कि उक्त महिला ने ही जादू-टोना कर उसकी जान ली। परिजन बच्ची का शव लेकर गांव पहुंचे और मृत बच्ची को जीवित करने का दबाव बनाने लगे। डायन का आरोप लगाते हुए उत्तेजित लोग लाठी-डंडे से पिटाई करने लगे। वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में उसकी मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications