'प्रियंका की एंट्री' पर गिरिराज सिंह का तंज, कहा- परिवार तंत्र का अगुआ है कांग्रेस
Samastipur News, समस्तीपुर। अपने बयानों से सुर्खियों में रहने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बार फिर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस में प्रियंका गांधी की एंट्री पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस देश में वंशवाद और परिवार तंत्र की राजनीति का अगुआ है। इतना ही नहीं गिरिराज सिंह ने प्रियंका के कांग्रेस में आने के बाद रॉबर्ट वाड्रा के बेटे को भी बाल समिति का अध्यक्ष बनाने की बात कहीं है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह शुक्रवार को समस्तीपुर में भाजपा जिलाध्यक्ष राम सुमरन सिंह के आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस शुरुआत से वंशवाद की राजनीति कर रही है। ऐसे में प्रियंका गांधी के पार्टी में आना कुछ नया नहीं है। परिवार तंत्र और वंशवाद में कांग्रेस और गांधी परिवार हमेशा आगे रहा है।
उन्होंने कहा कि अब तो रॉबर्ट वाड्रा और उनका एक बेटा बचा है। एक को बाल समिति का अध्यक्ष और दूसरे को कुछ बना दिया जाए तो कोई आश्चर्य नहीं होगा। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि सीताराम केसरी जैसे लोग जब पार्टी के अध्यक्ष बने थे तो उन्हें पद से जबरदस्ती हटाया गया था। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र पर परिवार तंत्र हावी है।
बीजेपी नेता और बिहार सरकार के मंत्री विनोद नारायण झा के विवादित बयान पर उन्होंने कहा कि सुंदरता और कुरूपता पर बात नहीं करता। उन्होंने कहा कि बीजेपी एक ऐसी पार्टी है जहां कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष बनता है। वहीं, अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के सवाल पर मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि देश के 100 करोड़ हिन्दू प्रभु श्री राम के पुरुषार्थ के साथ खड़े हैं। आशा है कि अयोध्या में जल्द ही भव्य श्री राम मंदिर का निर्माण होगा।












Click it and Unblock the Notifications