पटना: बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे सो रहे 7 लोगों को रौंदा, 5 की दर्दनाक मौत
पटना| बिहार की राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक बेकाबू ट्रक ने मैदान में सो रहे सात लोगों को कुचल डाला, जिनमें से पांच लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हैं। पुलिस के अनुसार लोहे की छड़ से लदा ट्रक बाइपास की तरफ से आ रहा था और गांधी नगर में टीवी टावर के पास सड़क किनारे मैदान में सो रहे सात लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गया। हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों में जितेन्द्र और धर्मेन्द्र सगे भाई हैं। अन्य मृतकों की पहचान मंगल मांझी, मीठू और सूरज मांझी के रूप में की गई है। सभी मृतकों की उम्र 15 से 18 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक चालक नशे में धुत था। घटना के बाद चालक ट्रक सहित फरार हो गया। पटना सिटी के पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि ट्रक की तलाश की जा रही है तथा चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी प्रारंभ कर दी गई है। ट्रक पटना के अनीसाबाद क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना के बाद आक्रोशित लोग जमकर हंगामा किया।












Click it and Unblock the Notifications