VIDEO: पटना पहुंचे RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, एयरपोर्ट पर लेने पहुंचे तेजस्वी यादव
आज पटना आ रहे हैं RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, कार्यकर्ताओं से लेकर परिवार तक में उत्साह
पटना, 24 अक्टूबर: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पिछले काफी वक्त से अपने बेटी मीसा भारती के दिल्ली स्थित आवास पर रह रहे थे। 41 महीने बाद लालू यादव आज वापस अपने घर पटना पहुंचे। बता दें कि पटना लौटने से पहले परिवारजनों ने एम्स के डॉक्टर की सलाह और सहमति ली है। वहीं, लालू के वापस आने की खबर के बाद आरजेडी कार्यालय और राबड़ी देवी के निवास पर चहल पहल बढ़ गई। पटना एयरपोर्ट पर लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव पहुंचे थे, इस दौरान हजारों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी लालू के लिए नारे लगाए।

लालू प्रसाद यादव 24 अक्टूबर दिन रविवार को अपनी पत्नी राबड़ी देवी और बेटी मीसा भारती के साथ दिल्ली से पटना पहुंचे। वे पत्नी और बेटी के साथ दिल्ली से शाम पांच बजे की फ्लाइट से पटना के लिए रवाना हुए थे। लालू के पटना आने को लेकर कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह है। बता दें, इसी साल 30 अप्रैल को उन्हें चारा घोटाले मामले में जमानत मिली थी, तब से वो दिल्ली में अपनी बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती के आवास पर रह रहे थे। हालांकि, वे 20 अक्टूबर को पटना आने वाले थे लेकिन तब डॉक्टरों ने उन्हें जाने की इजाज़त नहीं दी थी।
पटना आने के अगले ही दिन यानी सोमवार 25 अक्टूबर को लालू यादव आरजेडी कार्यालय भी जायेंगे, यहां उनके स्वागत में छह टन का लालटेन लगाया जा रहा है। बता दें कि लालू के पटना आने की खुशी में जिस छह टन वजनी लालटेन को आरजेडी के कार्यालय में लगाया जाना है उसका निर्माण राजस्थान में करवाया गया है। लालटेन बनने के बाद इसे अलग-अलग हिस्सों में कर के पटना लाया गया है। इस लालटेन की खास बात यह है कि इसकी लौ हमेशा जलती रहेगी। इसके लिए गैस पाइपलाइन लगाई जाएगी। पार्टी दफ्तर के मुख्य द्वार के अंदर घुसते ही लालटेन को स्थापित करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
24 घंटे लालू की सेहत पर रहेंगी मेडिकल टीम की नजर
पटना आने के बाद लालू प्रसाद यादव की सेहत को देखते हुए डॉक्टरों की एक टीम 24 घंटे नजर रखेगी। वहीं, परिवार से भी सिर्फ चार से पांच सदस्यों की ही उनके कमरे में जाने की अनुमति होगी। चूंकि लालू प्रसाद लंब समय बाद बिहार आ रहे हैं ऐसे में कार्यकर्ताओं में उत्साह है, जिसे देखते हुए कोशिश की जा रही है कि लालू प्रसाद को ज्यादा भीड़ का सामना न करना पड़े।












Click it and Unblock the Notifications