भारी वर्षा से बिहार में 6 व्यक्तियों की मौत
आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि वैशाली जिले में रविवार को पेड़ गिरने से एक घर ढह गया जिसमें दब कर दो बच्चों की मौत हो गई। मधेपुरा में जर्जर मकान के नीचे दब कर एक बुजुर्ग पुरुष और एक महिला की मौत हो गई।
खगड़िया और कैमूर जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई और अपुष्ट खबरों के मुताबिक पुर्णिया और मुजफ्फरपुर में चार लोग तेज बहाव में बह गए। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से मिल रही खबरों में कहा गया है कि मंगलवार को भी भारी वर्षा जारी है और अगले दिन भी बारिश जारी रहने की आशंका है।
आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव व्यासजी ने बताया, "फेलिन चक्रवात के कारण हो रही भारी वर्षा से राज्य में आम जीवन पर बुरा असर पड़ा है।" उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जिला अधिकारियों को बाढ़ की चेतावनी जारी कर दी है। उन्होंने कहा, "शनिवार रात से हो रही भारी वर्षा को देखते हुए राज्य सरकार ने सोमवार को ही बाढ़ की चेतावनी जारी कर दी है।"
जल संसाधन विभाग के मुताबिक गंगा, कोसी और गंडक सहित सभी बड़ी नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान के पार बह रही हैं। पटना में अधिकारियों ने बताया कि भारी वर्षा ने दुर्गापूजा के उत्साह पर पानी फेर दिया और वर्षा की स्थिति को देखते हुए पटना में सोमवार की जगह रविवार को ही रावण दहन करना पड़ा। नदियों में उफान को देखते हुए प्रतिमाओं का विसर्जन भी रोक दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications