पटना: कांग्रेस के जवाब में एनडीए की रैली, पीएम मोदी सहित सभी बड़े नेता होंगे शामिल
Patna news, पटना। 3 फरवरी को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होनेवाली कांग्रेस की जन-आकांक्षा रैली के ठीक एक महीने बाद यानी 3 मार्च को एनडीए भी एक बड़ी रैली आयोजित करेगा। माना जा रहा है कि एनडीए की इस रैली में पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी शामिल होंगे। माना ये भी जा रहा है कि ये रैली 3 फरवरी को कांग्रेस की रैली का जवाब होगी जिसमें एनडीए के सभी दलों के नेता एक साथ एक मंच पर दिखेंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
बताया ये भी जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के नोटिफिकेशन से पहले होने वाली इस रैली में एनडीए के नेता जनता को केंद्र और राज्य सरकार के कामों का हिसाब देंगे। इसकी जानकारी रविवार को जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति पारस ने पटना में एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।

रैली में दिखाएंगे एकजुटता
प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद जदयू प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम नीतीश कुमार, लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान समेत एनडीए के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे। वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के पहले होनेवाली यह रैली अभूतपूर्व होगी जिसकी तैयारियों में एनडीए के सभी घटक दल जुट गए हैं।

जनता को देंगे काम का हिसाब
प्रेस को संबोधित करते हुए प्रदेश लोजपा अध्यक्ष पशुपति पारस ने कहा कि 10 मार्च को चुनाव आयोग के होनेवाले नोटिफिकेशन के पहले आयोजित होनेवाली ऐसी रैली पिछले 30 से 40 सालों में बिहार में नहीं हुई होगी। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने रैली के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इसके जरिये एनडीए के नेता जनता को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किये गए कार्यों का हिसाब देंगे। साथ ही कांग्रेस के 55 सालों के दौरान किये गए कार्यों का भी हिसाब इस रैली के द्वारा लिया जाएगा। कांग्रेस की रैली के ठीक एक महीने बाद होनेवाली एनडीए की इस रैली की घोषणा के बाद बिहार की चुनावी राजनीति की दिशा तय होना माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- बिहार: बाहुबली अनंत सिंह पर राजद-कांग्रेस में तनाव, विवाद में फंसी जन-आकांक्षा रैली












Click it and Unblock the Notifications