पटनाः दोस्त करता था बहन से प्यार तो युवक ने कुख्यात अपराधियों के साथ मिलकर कर दी हत्या
पटना। बिहार की राजधानी पटना के सिटी चौक थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात को नाबालिग युवक की निर्ममता से हत्या कर दी गई। थाना क्षेत्र के मंगल तालाब स्थित रामदेव महतो सामुदायिक भवन में वारदात को अपराधियों ने अंजाम दिया है। मृतक नाबालिग की पहचान सुशील कुमार के बेटे लल्लू कुमार उर्फ नीरज के रूप में हुई है, जो खाजेकला थानाक्षेत्र के केशव राय गली में रहता था। अपराधियों ने ईंट-पत्थरों से कुचलकर नीरज की हत्या की है। इस मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि घटना की की जानकारी मृतक के परिजनों और उसके एक दोस्त ने दी।

इसके बाद पुलिस ने तुंरत कार्रवाई करते हुए हत्या के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि लल्लू कुमार उर्फ नीरज के दोस्त करण कुमार, प्रकाश कुमार और राजा मल्लिक उर्फ सनी डोम बर्थडे पार्टी की बात कह कर उसे घर से बुलाकर ले गए।
इसी दौरान रामदेव महतो सामुदायिक भवन परिसर में पार्टी मनाने के बाद ईंट-पत्थरों से कुचलकर तीनों ने लल्लू की हत्या कर दी। चश्मदीद के बयान के आधार पर तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी हुई है। अपराधियों ने लल्लू के साथ गए उसके एक अन्य दोस्त की भी जान लेने की कोशिश की।
हालांकि वह मौके से फरार होने में कामयाब रहा और उसने ही पूरी वारदात की जानकारी लल्लू के परिजनों और पुलिस को दी। तब पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मृतक के परिजनों ने पुलिस के समक्ष तीनों हत्यारों के नाम बताए थे।
इस मामले में चौक थानाध्यक्ष गौरीशंकर गुप्ता ने हत्या का कारण प्रेम प्रसंग बताया है। बताया जा रहा है कि नीरज का उसके दोस्त करण कुमार की बहन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात को लेकर करण गुस्से में था। थानाध्यक्ष ने बताया कि करण ने ही साजिश के तहत अपने दो अन्य साथियों प्रकाश कुमार और राजा मलिक उर्फ सनी डोम के साथ मिलकर लल्लू की हत्या ईट-पत्थरों से कुचलकर कर दी।












Click it and Unblock the Notifications