पटना में ही क्यों रखी गई विपक्ष की बैठक? प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने खोला राज
2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा विरोधी मोर्चे का रोडमैप तैयार करने के लिए आज 16 विपक्षी दलों की पटना में एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा से निपटने के लिए कई मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक के बाद सभी नेताओं ने मिलकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने जोरदार ढंग से अपनी बात रखीं। उन्होंने बताया कि आखिर पटना में ही क्यों रखी गई विपक्षी दलों की बैठक?
ममता ने बताया आखिर पटना में ही क्यों रखी गई विपक्ष की बैठक?
टीएमसी चीफ ममता बनर्जी ने कहा कि पटना में बहुत अच्छे तरीके से बैठक आयोजित हुई। ममता बनर्जी ने कहा कि मैंने नीतीश कुमार जी को पटना में बैठक के लिए इसलिए बोला क्योंकि यहां से बहुत से जनआंदोलन शुरू हुए हैं। दिल्ली में बहुत से मीटिंग हुए लेकिन कोई फैसला नहीं निकला। इसलिए पटना बैठक के लिए सबसे अच्छा रहा। यहां बैठक हुई तो तीन चीजों पर सहमति बनी। पहली कि हम सब एक हैं। दूसरी कि हम साथ में लड़ेंगे। तीसरी ये कि हमारी लड़ाई विपक्ष के तौर पर नहीं, देश की जनता के लिए है।

इस बार भाजपा आई तो अगला चुनाव नहीं होगा: ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने कहा कि अगर भाजपा फिर से आ गई तो देश में चुनाव खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार वीसी की नियुक्ति में तानाशाही करती है। केंद्र की जो मर्जी होती है वही करता है। जो विरोध करता है उसके पीछे सीबीआई और ईडी लगा देते हैं। हमलोग एक बार फिर से शिमला में बैठक करेंगे और भाजपा की नीतियों का विरोध करेंगे। भाजपा इतिहास बदलना चाहती है लेकिन हम चाहते हैं कि बिहार से इतिहास बने।
10-12 जुलाई को फिर होगी दूसरी बैठक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सभी नेता एक होकर लोकसभा चुनाव लड़ने का एक कॉमन एजेंडा तैयार कर रहे हैं। 10-12 जुलाई को फिर से शिमला में बैठक होगी। वहां पर बैठकर एजेंडा बनाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications