बिहार : कटिहार में शराब तस्कर की हिरासत में मौत के बाद बवाल, कई पुलिसकर्मी जख्मी, SO की हालत गंभीर
कटिहार, 18 सितंबर: बिहार के कटिहार में शराब तस्करी में पकड़े गए अभियुक्त प्रमोद सिंह की कस्टडी में मौत के बाद बवाल हो गया। गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ थाने पर पथराव और आगजनी कर दी। यही नहीं, भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दौड़-दौड़ा कर पीटा। इसमें एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि पथराव में घायल हुए थानाध्यक्ष और एसआई की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल थाना प्रभारियों की पहचान प्राणपुर पुलिस थाने के मनीतोष कुमार और डंडखोरा पुलिस थाने के प्रभारी शैलेश कुमार के तौर पर की गई है। कार्यकारी पुलिस अधीक्षक दयाशंकर ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया था कि सभी घायल पुलिसकर्मियों को कटिहार के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रित है और हमारी टीम मौके पर डेरा डाले हुए है।

शराब तस्कर को गिरफ्तार कर थाने ले गई थी पुलिस
प्राणपुर प्रखंड क्षेत्र के केहुनियां पंचायत अंतर्गत अमडोल गांव के प्रमोद कुमार सिंह को प्राणपुर पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में गश्ती के दौरान देर रात गिरफ्तार किया था। पुलिस प्रमोद को थाने ले आई, जहां कस्टडी में उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में प्राणपुर थाना अध्यक्ष मनुतोष कुमार उसे प्राणपुर समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया।
गुस्साए लोगों ने थाने में की तोड़फोड़, पथराव में कई पुलिसकर्मी जख्मी
प्रमोद की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों की भीड़ मृतक को देखने थाना परिसर पहुंच गई। देखते ही देखते थाने पर पथराव और तोड़फोड़ शुरू हो गई। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस ने शराब तस्कर को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। भीड़ ने थाने में घुसकर पुलिसकर्मियों की पिटाई कर दी, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। थानाध्यक्ष और एसआई गंभीर रूप से घायल हो गए।












Click it and Unblock the Notifications