पटना में मछली पकड़ने को लेकर विवाद, 4 की मौत
पटना। बिहार की राजधानी पटना के पालीगंज प्रखंड क्षेत्र में मछली पकड़ने को लेकर विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई। घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस के अनुसार, खिरीमोड़ थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा गांव में सोमवार सुबह कुछ लोग एक तालाब में मछली पकड़ने गए थे। गांव के ही कुछ दबंग उनसे मछली मांगने लगे। मछली देने से इंकार किए जाने पर दबंगों ने गोलीबारी की, जिसमें मछली पकड़े रहे चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
मृतकों की पहचान मुंगिला गांव निवासी राम प्रवेश बिन्द, उदय बिन्द, जनार्दन बिन्द तथा मनीष बिन्द के रूप में की गई है। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र राणा ने बताया कि घायल व्यक्ति को इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया तथा इस मामले की खिरीमोड़ थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए सात अलग-अलग पुलिस टीम गठित की गई है। घटना के बाद से गांव में तनाव व्याप्त है। इधर, घटना से आक्रोशित लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications