मुझे मदन सहनी के इस्तीफे की जानकारी नहीं, लेकिन ये सच है कि अधिकारी नेताओं की नहीं सुन रहे- जीतन राम मांझी
बिहार सरकार में समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि, 'मैं नौकरशाही के विरोध में इस्तीफा दे रहा हूं।'
पटना, 1 जुलाई। बिहार सरकार में समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी के इस्तीफे पर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कहा कि मुझे उनके इस्तीफे की जानकारी नहीं, लेकिन ये सच है कि लेकिन यह सच है कि कई प्रशासनिक अधिकारी नेताओं की बातों को तरजीह नहीं देते। मैंने पहले भी विधायकों की संयुक्त बैठक में इस मुद्दे को उठाया था।

आपको बता दें बिहार सरकार में समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि, 'मैं नौकरशाही के विरोध में इस्तीफा दे रहा हूं। मुझे मिले आवास या वाहन से मैं संतुष्ट नहीं हूं क्योंकि अगर मैं लोगों की सेवा नहीं कर सकता, अगर अधिकारी मेरी बात नहीं मानते हैं तो लोगों का काम नहीं चलेगा। अगर उनका काम नहीं हो रहा है तो मुझे इसकी जरूरत नहीं है।'
बता दें कि जेडीयू विधायक राज्य के अधिकारियों की मनमानी से परेशान हैं और मीडिया के समक्ष उन्होंने ऐसा कहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में जो तबादले और पोस्टिंग मंत्री के स्तर पर होनी चाहिए थी, उसे अब अधिकारी कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस अपमान के साथ पद पर बने रहना मेरे लिए ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि भले मैं सरकार में न रहूं पर सीएम नीतीश कुमार के साथ रहूंगा।
नीतीश कुमार के करीबी चंचल कुमार की संपत्ति की हो जांच
उन्होंने कहा कि केवल गाड़ी और घर मिलने से कुछ नहीं होता, मुझे इन सब की जरूरत नहीं है। बिहार सरकार में मंत्रियों की कोई पूछ नहीं है। सरकार में अफसरशाही हावी हो चुकी है। एक अधिकारी चार साल से एक ही जगह बने हुए हैं। किसने अबतक क्या किया यह किसी को मालूम नहीं।उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के करीबी अफसरों ने खूब संपत्ति बनाई है। उन्होंने नीतीश कुमार के करीबी चंचल कुमार की संपत्ति की जांच की मांग की है।
अब बर्दाश्त नहीं होती तानाशाही
उन्होंने कहा कि लोग बरसों से तानाशाही झेल रहे हैं, यातना झेल रहे हैं लेकिन अब बर्दाश्त नहीं हो रहा है। इसलिए अब मैंने इस्तीफे का मन बना लिया है। हम यहां केवल सुख सुविधा लेने के लिए नहीं बैठे हैं। उन्होंने आगे कहा कि मैं अपने पद से इस्तीफा भले ही दे रहा हूं लेकिन नीतीश कुमार के साथ बना रहूंगा।












Click it and Unblock the Notifications