पटनाः ड्यूटी से घर लौट रहे दारोगा की सड़क हादसे में हो गई मौत
पटना। बिहार की राजधानी पटना के शाहपुर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बिहार पुलिस के एक दारोगा की मौत हो गई। मृतक दारोगा की शिनाख्त ओमप्रकाश सिंह के रूप में हुई है, जो कैमूर जिले के करमचट थाना क्षेत्र में तैनात थे। यह दर्दनाक हादसा शाहपुर थाना क्षेत्र के सरारी पावर ग्रिड के पास हुआ है। दारोगा ओमप्रकाश सिंह इंडिका कार चलाते हुए आ रहे थे तभी उनकी कार पेड़ से टकरा गई और ओमप्रकाश सिंह बुरी तरह से घायल हो गए। इसके बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

सड़क दुर्घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके बाद पुलिस ने मृतक दारोगा के परिजनों को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने के बाद दोरोगा के बेटे मौके पर पहुंचे और पिता के शव को देखकर रोने लगे। मृतक दारोगा ओमप्रकाश सिंह छपरा जिले के डोरीगंज के रहने वाले थे और उनका परिवार पटना में रहता था। हालांकि लॉकडाउन के चलते उनकी ड्यूटी कर्मनाशा बॉर्डर पर थी।
मृतक दारोगा के बेटे ने बताया कि कैमूर से उसके पिता पटना लौट रहे थे। रात के वक्त गाड़ी ड्राइव करने के दौरान जब सुबह सरारी के पास पहुंचे तो उन्हें झपकी लगी होगी और उसी दौरान गाड़ी तेज रफ्तार में थी और पेड़ से टकरा गई, जिससे उनके पिता की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने भी बताया कि यह घटना आज सुबह की है पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस पहुंची है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।












Click it and Unblock the Notifications