बिहारः पटना में Corona संक्रमित एक और मरीज की मौत, मृतकों की संख्या 7 के पार
पटना। बिहार में कोरोना का असर दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। ताजा मामला पटना के एनएमसीएच अस्पताल का है, जहां कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो गई। इस मौत के बाद राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या सात पहुंच गई है। मृतक महिला का नाम आशा देवी है, जो पटना सिटी के आलमगंज के मखनपुर ईदगाह मोहल्ले की निवासी थी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक आशा देवी को पटना के एनएमसीएच में 8 मई को भर्ती किया गया था। अस्पताल के अनुसार मृतक आशा देवी गॉल ब्लैडर की कैंसर से भी पीड़ित थी।

महिला की मौत 13 मई को यानी बुधवार को हुई है। बिहार में कोरोना का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को बिहार में एक दिन में कोरोना के 130 नए रिकॉर्ड तोड़ मामले सामने आए थे। इसके साथ ही कोरोना संक्रमितों की संख्या राज्य में बढ़कर 879 हो गई है। सबसे बड़ी बात यह है कि राज्य का अब कोई भी जिला कोरोना से अछूता नहीं रहा। कोरोना वायरस ने बिहार के जमुई जिले को भी अपनी चपेट में ले लिया है।
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने जो आंकड़े बताए वो काफी चिंताजनक और डरावने हैं। दरअसल, कोरोना ने पटना समेत अन्य जिलों के ग्रामीण इलाकों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। पटना की बात करें तो पटना जिला में इस बीमारी ने पंडारक, बाढ़, पालीगंज जैसे ग्रामीण इलाकों को अपने चपेट में ले लिया है। वहीं जहानाबाद जिले में भी एक साथ रिकॉर्ड 15 नए मरीजों में इस बीमारी की पुष्टि हुई है।
भारत में भी कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना वायरस (COVID-19) के 70,756 मामले सामने आ गए हैं। इनमें से 46,008 एक्टिव केस हैं। 22454 लोग ठीक हो गए हैं और 2,293 लोगों की मौत हो गई है। आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 48 नए केस सामने आए हैं। जिसके बाद राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2137 हो गई है। जिसमें से 1142 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 47 लोगों की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications