बिहार उपचुनाव: कांग्रेस के 'भक्त' बोले- RJD अगर गठबंधन धर्म नहीं निभाएगी तो सबसे बड़ा नुकसान उसे होगा
पटना, 10 अक्टूबर: बिहार में दो सीटों पर उपचुनाव से पहले बिहार की सियासत में उथल-पुथल का दौर जारी है। इस बीच कांग्रेस-आरजेडी महागठबंधन में सबकुछ ठीक नहीं नजर आ रहा है। बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास ने कहा कि आरजेडी नेता तेजस्वी यादव प्रदेश में सरकार नहीं बना सकते, जब तक कांग्रेस के 19 विधायक उनका समर्थन ना करें। उन्होंने ये भी कहा कि अगर कांग्रेस मजबूत होगी तो आरजेडी सरकार बनाने के और करीब पहुंचेगी।

भक्त चरण दास ने कहा- RJD को कांग्रेस का सम्मान करना चाहिए
भक्त चरण दास ने आगे कहा, ''आरजेडी को यह बात समझनी चाहिए कि 19 विधायकों का समर्थन कोई मामूली बात नहीं होती। तेजस्वी अगर बिहार में सरकार बनाना चाहते हैं तो उन्हें कांग्रेस के 19 विधायकों की जरूरत पड़ेगी। इसलिए उन्हें कांग्रेस का सम्मान करना चाहिए।''
बिहार में 30 अक्टूबर को दो सीटों पर होने हैं उपचुनाव
बता दें, बिहार में दो सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। इन सीटों पर 30 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। उपचुनाव के लिए कांग्रेस और आरजेडी महागठबंधन में टूट पड़ चुकी है। दोनों ही सीट पर कांग्रेस और आरजेडी ने एक दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार मैदान में खड़ा कर दिया है। पहले तेजस्वी यादव लगातार यह कहते रहे कि दोनों सीटों पर आरजेडी के उम्मीदवार होंगे। इसको लेकर कांग्रेस और आरजेडी के बीच की तल्खी बढ़ गई है। नेता खुलकर बयानबाजी कर रहे हैं। भक्त चरण दास ने कहा कि तेजस्वी यादव ने जल्दबाजी में बिना सोचे समझे दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी।
'RJD अगर गठबंधन धर्म नहीं निभाएगी तो सबसे बड़ा नुकसान उसे होगा'
दरअसल, कांग्रेस चाहती थी कि कुशेश्वर स्थान सीट उसे मिले कांग्रेस की दलील थी कि विधानसभा चुनाव में इस सीट से पार्टी का उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहा था। बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास ने कहा कि कुशेश्वर स्थान और तारापुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस जीत के लिए मैदान में उतरी है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में सब पता चल जाएगा। आरजेडी अगर गठबंधन धर्म नहीं निभाएगी तो सबसे बड़ा नुकसान उसे होगा।












Click it and Unblock the Notifications