बिहार: स्कूल से फरार छात्राओं का खुलासा, हॉस्टल की वॉर्डन करती हैं जिस्मफरोशी का काम
पटना। बिहार के शेल्टर होम्स की असलियत सामने आने के बाद नीतीश सरकार की जमकर फजीहत होने के बावजूद राज्य सरकार इस ओर गंभीर नहीं है। शेल्टर होम्स के साथ सूबे के कस्तूरबा आवासीय विद्यालयों का क्या हाल है इसकी बानगी गुरुवार को राजधानी पटना से 40 किलोमीटर दूर भोजपुर में देखने को मिली। शाहपुर प्रखंड के बिलौटी कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की दो छात्राओं ने हॉस्टल की वॉर्डन पर जिस्मफरोशी का धंधा करने और उनपर दबाव बनाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।

हॉस्टल से फरार हो गई थीं दो छात्राएं
दरअसल, भोजपुर के शाहपुर प्रखंड के बिलौटी कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की दो छात्राएं बुधवार की देर रात हॉस्टल से फरार हो गई थीं। स्थानीय ग्रामीणों ने छात्राओं को घटना के तुरंत बाद ही बरामद कर लिया। इधर, छात्राओं के फरार होने की सूचना जैसे ही जिला प्रशासन को लगी अधिकारियों के हाथ-पांव फूलने लगे। आनन-फानन में शाहपुर के बीडीओ सुनील कुमार और जगदीशपुर एसडीओ अरुण कुमार सहित शाहपुर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेन्द्र गुप्ता मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन शुरू कर दी। शाहपुर थाने की पुलिस ने हॉस्टल परिसर से दो अनजान महिलाओं को भी पकड़ा है, जो पुलिस को देख फरार होने की कोशिश में लगी थीं। दोनों महिलाओं ने विद्यालय में पढ़ने वाली कुछ छात्राओं से मुलाकात करने के लिए आने की बात कही। हालांकि, विद्यालय की छात्राओं ने दोनों महिलाओं को पहचानने से इनकार किया है। इधर, बरामद छात्राओं से जैसे ही पदाधिकारियों ने पूछताछ शुरू की वैसे ही चौंकाने वाले खुलासे होने लगे।

छात्राओं ने वॉर्डन पर लगाए गंभीर आरोप
छात्राओं ने हॉस्टल में चल रही बातों का खुलासा करते हुए हॉस्टल की वॉर्डन पर जिस्मफरोशी का धंधा करने की बात कही। छात्राओं के मुताबिक, हॉस्टल की वॉर्डन गीता सिंह का बिलौटी पंचायत के मुखिया हरि तिवारी के साथ अवैध संबंध था। छात्राओं के मुताबिक उन्होंने दोनों को रंगेहाथ पकड़ लिया, जिसके बाद वॉर्डन ने उन्हें स्कूल से निकालने की धमकी देते हुए उनसे स्कूल के शौचालय और नाली साफ कराए। छात्राओं ने स्कूल परिसर में देर रात अनजान लोगों के आने की बात बताते हुए वॉर्डन गीता सिंह और हॉस्टल के गार्ड सद्दाम द्वारा उन्हें अनजान लोगों के साथ जबरदस्ती जाने के लिए कहने का भी आरोप लगाया।

वॉर्डन निलंबित, चारों से पूछताछ कर ही पुलिस
जांच करने पहुंचे अधिकारियों ने हॉस्टल की वॉर्डन की भूमिका को संदिग्ध देखते हुए तत्काल निलबिंत कर गार्ड और पकड़ी गई दोनों अनजान महिलाओं को हिरासत में ले लिया। फिलहाल, शाहपुर थाने की पुलिस चारों से पूछताछ कर रही है। इधर, बिलौटी के ग्रामीणों ने भी कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की वॉर्डन पर देह व्यापार का आरोप लगाते हुए विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देख भोजपुर डीएम रौशन कुशवाहा ने जगदीशपुर एसडीओ अरुण कुमार की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय जांच टीम का गठन करते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर, मामले का खुलासा होने के बाद से ही बिलौटी मुखिया फरार बताया जा रहा है। फिलहाल, बरामद छात्राओं को उनके परिजनों के पास भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications