पटना में ट्रिपल मर्डर: चलती कार में सेना के जवान ने पत्नी-साली को मारी गोली, फिर की आत्महत्या
पटना। बिहार की राजधानी पटना में रविवार सुबह सेना के एक जवान ने अपनी पत्नी और साली को गोली मारने के बाद आत्महत्या कर ली। वारदात एक कार के अंदर हुई। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे तो तीनों लहूलुहान हालत में कार के अंदर पड़े थे। घटना के बाद स्थानीय लोग तीनों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। बता दें, घटना के समय गाड़ी में दो बच्चे और कार चालक भी था, जो सुरक्षित बचे हैं।

10 दिन पहले ही हुई थी साली की शादी
घटना पटना के रानीतालाब थाना क्षेत्र के सैदाबाद इलाके की है। मृतकों की पहचान भोजपुर जिले के गढ़हनी थाना क्षेत्र के लालगंज गांव के रहने वाले सेना के जवान विष्णु शर्मा (35), उनकी पत्नी दामिनी (32) और साली खुशबू (22) के रूप में हुई है। विष्णु गुजरात में तैनात था, जबकि खुशबू की दस दिन पहले ही शादी हुई थी।

डेंगू से पीड़ित था सेना का जवान
जानकारी के मुताबिक, सेना के जवान विष्णु शर्मा को डेंगू हो गया था। जांच कराने के लिए वह रविवार को अपनी ससुराल से पत्नी, साली और दो बच्चों को लेकर बलेनों कार से पटना एम्स आ रहा था। गाड़ी ड्राइवर मिथिलेश ठाकुर चला रहा था। मिथिलेश ने बताया कि पटना लौटते समय विष्णु का पत्नी और साली से किसी बात को लेकर बहस हो गई।

चलती कार में पत्नी, साली फिर खुद को गोली से उड़ाया
इसी दौरान गुस्साए विष्णु ने चलती कार में अचानक लाइसेंसी रिवॉल्वर से पहले साली को गोली मारी और फिर पत्नी को गोली मार दी। इसके बाद खुद को भी उड़ा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीएसपी मनोज पांडेय ने बताया कि ड्राइवर से पूछताछ चल रही है। मृतक के दोनों बच्चे सुरक्षित हैं।












Click it and Unblock the Notifications