इमरान खान बोले- नवाज शरीफ को दिखाएंगे क्या होता है लोकतंत्र
इमरान ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि वे ज्यादा संख्या में एक साथ निकलें ताकि पुलिस उन्हें गिरफ्तार न कर सके।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख इमरान खान ने कहा है कि वह नवाज शरीफ को बताएंगे कि लोकतंत्र क्या होता है। 2 नवंबर को इस्लामाबाद बंद का ऐलान करने वाले इमरान खान अपने फैसले पर अड़े हैं।

इमरान ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि वे ज्यादा संख्या में एक साथ निकलें ताकि पुलिस उन्हें गिरफ्तार न कर सके। क्योंकि कुछ लोगों को पुलिस आसानी से हिरासत में ले लेती है। उन्होंने कहा कि समर्थक मुख्य रास्तों के बजाय दूसरे रास्ते चुनें और प्रदर्शन स्थल पर पहुंचें।
'यह लोकतंत्र नहीं नवाज की तानाशाही है'
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पर निशाना साधते हुए इमरान खान ने कहा, 'यह नवाज शरीफ की तानाशाही है, लोकतंत्र नहीं। हम 2 नवंबर को दिखाएंगे कि लोकतंत्र क्या होता है।' पीटीआई के नेताओं और समर्थकों ने प्रदर्शन को सफल बनाने की पूरी तैयारी कर ली है और कैंप लगाकर 2 नवंबर की रणनीति बनाई जा रही है।
हाईकोर्ट ने प्रशासन को दिए आदेश
वहीं दूसरी ओर, इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने राज्य के अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि इस दौरान कोई भी रोड ब्लॉक न की जाए। कोर्ट ने सरकार को आदेश देते हुए कहा कि इस प्रदर्शन के दौरान कानूनी प्रकिया का इस्तेमाल किया जाए। अगर यह विरोध प्रदर्शन डेमोक्रेसी पार्क एंड स्पीच कॉर्नर के अलावा कहीं और होता है।
इमरान के खिलाफ दायर की गई याचिका
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी की तरफ से 2 नवंबर को इस्लामाबाद बंद बुलाए जाने के खिलाफ चार लोगों ने इस्लामाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। इस याचिका में कहा गया था कि पीटीआई अपने इस बंद के निर्णय को वापस ले। साथ ही याचिकाकर्ताओं ने पीटीआई के प्रमुख इमरान खान को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की थी। दो दिन पहले हुई सुनवाई में इस्लामाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस शौकत अजीज ने इमरान खान को 31 अक्टूबर को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है।












Click it and Unblock the Notifications