शाहरुख की 'रईस' को पाकिस्तान में नहीं मिली रिलीज की इजाजत
पाक सेंसर बोर्ड ने फिल्म के कई सीन और डायलॉग को आपत्तिजनक पाया है। बोर्ड ने फिल्म में इस्लाम धर्म को भी गलत तरीके से पेश करने की बात कही है।
नई दिल्ली। ऋतिक रोशन की फिल्म 'काबिल' को पाकिस्तान में रिलीज की इजाजत के बाद शाहरुख खान की 'रईस' के भी पाकिस्तान में रिलीज होने की उम्मीद पाक के फिल्म वितरकों को थी लेकिन उनकी उम्मीदों को झटका लगा है। पाकिस्तान के सेंसर बोर्ड ने 'रईस' की रिलीज को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। पाक सेंसर बोर्ड ने फिल्म के कई सीन और डायलॉग को आपत्तिजनक पाया है। बोर्ड ने फिल्म में इस्लाम धर्म को भी गलत तरीके से पेश करने की बात कही है।

सेंसर बोर्ड ने सोमवार को एक बयान में कहा कि फिल्म में इस्लाम धर्म को धूमिल किया गया है और मुस्लिमों को अपराधी दिखाया गया है। 'रईस' फिल्म की डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी 'हम फिल्म्स' ने पिछले हफ्ते फिल्म के प्रसारण के लिए मंजूरी मांगी थी। शाहरुख की रईस को सेंसर बोर्ड ने रिलीज की अनुमति नहीं दी। शाहरुख खान की रईस और ऋतिक रोशन की फिल्म काबिल 25 जनवरी को रिलीज हुई हैं। पाकिस्तानी फिल्म वितरक दोनों की फिल्मों को अपने देश में रिलीज करना चाहते थे। काबिल को तो पाक में रिलीज की मंजूरी मिल गई लेकिन रईस को नहीं मिल सकी।
आपको बता दें कि सितंबर में उरी हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढने और मुंबई में पाकिस्तानी कलाकारों को धमकियां मिलने के बाद पाक ने भी बॉलीवुड फिल्मों पर प्रतिबंध लगा दिया था। लगभग चार महीने के बाद ऋतिक की काबिल को पाक में रिलीज की अनुमति मिली है। रईस को अनुमति ना मिलने के बाद वितरक कमाई के रिकॉर्ड तोड़ने वाली आमिर खान की दंगल को पाक में रिलीज कराना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications