'इंडिया चांद पर, हमारे यहां गटर...', पाकिस्तानी सांसद ने उधेड़ी अपने मुल्क की बखिया, संसद में दिया ऐसा भाषण
Pakistan News: पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान किस दौर से गुजर रहा है, ये तो पूरी दुनिया को पता है। बिजली-पानी के अलावा पाकिस्तान की आवाम खाने के लिए भी जद्दोजहद कर रही है। इस बीच पाकिस्तानी सांसद का संसद से एक जोशीला भाषण सामने आया है, जिसमें उन्होंने इंडिया की तरक्की की बात करते हुए अपने ही मुल्क को निशाने पर लिया है।
दरअसल, पाकिस्तानी सांसद सैयद मुस्तफा कमाल ने बुधवार को नेशनल असेंबली में अपने भाषण के दौरान भारत और पाकिस्तान की उपलब्धियों के बीच समानताएं बताईं। उन्होंने कहा कि दुनिया चांद पर पहुंच रही है, लेकिन आज कराची में मासूम बच्चे खुले गटर में गिरकर मर रहे हैं।'

संसद में अपने भाषण के दौरान मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट पाकिस्तान (एमक्यूएम-पी) नेता मुस्तफा कमाल ने कहा कि जहां भारत चांद पर उतर रहा है, वहीं कराची खुले गटर में गिरकर बच्चों के मारे जाने की खबर बना रहा है।
उन्होंने कहा कि, "आज कराची में हालत ये है कि जहां दुनिया चांद पर जा रही है, वहीं कराची में बच्चे गटर में गिरकर मर रहे हैं। उसी स्क्रीन पर खबर आ रही है कि भारत चांद पर उतरा है, और ठीक दो सेकेंड बाद खबर यह है कि कराची में खुले गटर में एक बच्चे की मौत हो गई।"
एमक्यूएम-पी नेता ने बुधवार को नेशनल असेंबली सत्र के दौरान अपने भाषण का एक वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया। उनके भाषण के वीडियो के कुछ अंश बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
दरअसल, कमाल ने कराची में पानी की कमी और स्कूली बच्चों पर लोगों का ध्यान आकर्षित कराया। एमक्यूएम-पी नेता ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए यह भी कहा कि कराची में 70 लाख और पाकिस्तान में 2.6 करोड़ से अधिक बच्चे हैं, जो स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।
भारत की शिक्षा व्यवस्था की सराहना
कमाल ने दावा किया कि पाकिस्तान में 2 करोड़ 62 लाख बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं। वहीं भारत की शिक्षा प्रणाली की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, "अगर भारत आज फल फूल रहा है और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है, तो इसका कारण वह शिक्षा है जो उसने अपने लोगों को दी है।"












Click it and Unblock the Notifications