पाक ने अमेरिका को दी दक्षिण एशिया में संतुलन न बिगाड़ने की चेतावनी
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ अमेरिका की यात्रा के लिए रवाना होने वाले हैं। उससे पहले पाक के विदेश मंत्री सरताज अजीज ने अमेरिका को चेतावनी देने के अंदाज में कहा है कि अमेरिका को कोई भी ऐसा काम नहीं करना चाहिए जिससे दक्षिण एशिया में असंतुलन की स्थिति पैदा हो।

पाक के विदेश मंत्री सरताज अजीज ने बीबीसी को दिए इंटरव्यू में साफ कर दिया है कि राष्ट्रपति ओबामा और अमेरिकी अधिकारियों से मुलाकात के दौरान पाक के राष्ट्रीय हित और सुरक्षा के बारे में भी बातचीत होगी। पाक इस पर किसी तरह से कोई समझौता नहीं करेगा।
पढ़ें-पाक के नए एनएसए जांजुआ लेंगे पीएम मोदी से टक्कर
अजीज के मुताबिक अमेरिका कोई ऐसा कदम न उठाए जिससे दक्षिण एशिया में पहले से मौजूद असंतुलन में और इजाफा हो। सरताज अजीज ने जानकारी दी कि पीएम नवाज के अमेरिकी दौरे जो अहम बातें होंगी उनमें भारत से संबंध, आर्थिक सहयोग और अफगानिस्तान में शांति की बहाली शामिल है।
उन्होंने बताया कि अमेरिका, भारत के साथ जैसे संबंध रखना चाहता है वो रख सकता है। लेकिन ऐसे समय में जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव है तो अमेरिका को चाहिए कि वो सामरिक असंतुलन को इतना न बढ़ाए कि इस क्षेत्र की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा हो जाए।
भारत-पाकिस्तान संबंधों में अमेरीका के रोल के बारे में भी उनसे सवाल पूछा गया। उन्होंने कहा कि सिर्फ अमेरिका ही नहीं दुनिया के बाकी देश भी यही चाहते हैं कि भारत और पाकिस्तान अपने सारे मसले बातचीत से हल करें। लेकिन इसके लिए सबसे बुनियादी शर्त यही है कि क्षेत्र में शक्ति संतुलन न बिगड़े।












Click it and Unblock the Notifications