पाक से आए ट्रक में नशीले पदार्थ, LoC पर रूका व्यापार
कश्मीर में एलओसी यानि की नियंत्रण रेखा स्थित छकोठी चेक पोस्ट से भारत और पाकिस्तान के बीच व्यापार तीन दिनों से बंद हैं। मुजफ्फराबाद रूट में पाक से भारत आ रहे एक ट्रक में भारतीय अधिकारियों द्वारा नशीले पदार्थ जब्त किया गया है। जिसके बाद से पाक ने व्यापार गतिविधियों पर रोक लगा दी है।

दरअसल, शुक्रवार को पाकिस्तान से आ रहे एक ट्रक की जब चेकिंग की जा रही थी, तब यह मामला सामने आया। ट्रक के ड्राइवर ने अधिकारियों से कहा कि ट्रक में संतरे भरे हैं, लेकिन जब कस्टम और पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ शुरू की तो पता चला कि उसमें नशीले पदार्थ भरे हैं। इस घटना के बाद भारत ने पाक से आ रहे 22 और ट्रकों को रोक लिया।
अब भारत की कार्रवाई पर पाक कैसे शांत रहता, लिहाजा इसके जवाब में पाकिस्तान के अधिकारियों ने भी शनिवार को भारत के 50 ट्रक जब्त कर लिए। जिसके बाद हालात यह है कि सरहद पर कारोबार रूका पड़ा है। आपको बता दें, पिछले महीने यानि की 17 जनवरी को पाक के ट्रक में नशीले पदार्थ लाया जा रहा था, जिसके बाद ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया था और नियंत्रण रेखा पर कारोबार दो हफ्ते तक बंद रहा था।
पाकिस्तान के व्यापार एवं परिवहण अधिकारी ने दावा किया कि दोनों देशों के बीच हुए समझौते के अनुसार भारतीय अधिकारियों के लिए पाकिस्तान से माल लेकर जा रहे ट्रकों को लौटाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जब तक भारतीय अधिकारी नशीले पदार्थो की तस्करी के सबूत नहीं दे देते और 22 ट्रक नहीं लौटाते, पाकिस्तान भी भारत के 50 ट्रकों को वापस नहीं जाने देगा। बहरहा, अब आगे विदेश मंत्रालय की सलाह के आधार पर ही अगला कदम उठाया जाएगा।














Click it and Unblock the Notifications