पाक ने कहा झूठा है भारत, अमेरिका की ओर से नहीं दी गई कोई चेतावनी!
वाशिंगटन। पाकिस्तान ने उन सभी खबरों को सिरे से नकार दिया है जिसमें कहा गया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत यात्रा से पहले अमेरिका की ओर से पाक को कोई चेतावनी दी गई है।

पाक ने इसे भारत की ओर से शुरू किया गया एक प्रपोगेंडा वॉर करार दिया है। सोमवार को खबर आई थी कि अमेरिका ने पाक को कड़े शब्दों में कहा है कि अगर ओबामा की यात्रा के दौरान सीमा पार से कोई हरकत हुई तो उसका अंजाम पाक को भुगतना पड़ेगा।
पाक के न्यूजपेपर द डॉन ने अमेरिका में पाक राजदूत जलील अब्बास के हवाले से खबर छापी है कि भारतीय मीडिया की आदत है कि वह चीजों को बढ़ा-चढ़ाकर बताता है। जबकि हकीकत कुछ और ही होती है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका की ओर से पाक को चेतावनी से जुड़ी जो भी खबरें आई हैं वह पूरी तरह से निराधार हैं। अब्बास की मानें तो इससे उलट अमेरिका के विदेश सचिव जॉन कैरी ने पाक के उन प्रयासों की खुलकर सराहना की है जिनके तहत आतंकवाद और चरमपंथ को रोकने के लिए कदम उठाए गए हैं।
अब्बास ने यह भी बताया कि पाक की ओर से नॉर्थ वजिरिस्तान की में पाक सेना का ऑपरेशन चल रहा है और इसी तरह की कार्रवाई देश के दूसरे हिस्सों में भी जारी है जिसमें आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
डॉन ने भारतीय न्यूज पीटीआई का जिक्र करते हुए कहा है कि इसने वाशिंगटन से रिपोर्ट दी थी कि अमेरिका ने पाक को ओबामा दौरे पर किसी भी तरह की आतंकी कार्रवाई पर सख्त अंजाम भुगतने को तैयार रहने को कहा है।
इसके बाद पीटीआई के हवाले से यह खबर भी आई कि पाक ने अमेरिका को भरोसा दिलाया है कि किसी भी तरह के आतंकी हमले को पाक की ओर से अंजाम नहीं दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications