इसलिए नवाज शरीफ ने की थी बैठक, दिल्ली में हुर्रियत नेताओं से होगी अजीज की मुलाकात
इस्लामाबाद। 23 और 24 अगस्त को भारत और पाक के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के बीच एनएसए स्तर की वार्ता होनी है। पाक के एनएसए सरताज अजीज और भारत के एनएसए अजित डोवाल एक दूसरे से मिलें, इससे पहले पाक ने कश्मीर के हुर्रियत नेताओं को बातचीत के लिए बुला लिया। यहां पर यह बात गौर करने वाली है कि इस न्यौते से ठीक पहले मंगलवार को पाक पीएम नवाज शरीफ ने सेना प्रमुख राहील शरीफ और सरताज अजीज के साथ एक मीटिंग की थी। इस मीटिंग में इस बातचीत का एजेंडा तय किया गया था।

पिछले वर्ष इसी वजह से टूटी थी वार्ता
बुधवार सुबह होते-होते यह खबर आ गई कि पाक हाई कमीशन में सरताज अजीज पहले अलगाववादी नेताओं से मुलाकात करेंगे और फिर वह अजित डोवाल के साथ बातचीत को आगे बढ़ाएंगे। 23 अगस्त को अजीज ने अलगाववादी नेताओं से मिलने का मन बनाया है।
आपको बता दें कि पिछले वर्ष अगस्त माह में भी भारत और पाक के बीच सचिव स्तर की वार्ता होनी थी, लेकिन पाक के इसी रवैये की वजह से उस वार्ता को कैंसिल कर दिया गया था। अब इस बार फिर से इसी तरह की आशंकाएं घिर गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान के डिप्टी हाई कमीशनर मंसूर अहमद खान ने हुर्रियत नेता सैयद अली शाह गिलानी और दूसरे अलगाववादी नेताओं को इस मुलाकात के लिए न्योता भेजा है।
नवाज ने दी एजेंडे को मंजूरी
जो एजेंडा कल इस्लामाबाद में इस बातचीत के लिए तैयार किया गया उसमें बलूचिस्तान में भारत की आतंकी गतिविधियों के साथ ही एलओसी पर जारी फायरिंग और भारत की ओर से टूटते सीजफायर वॉयलेशन के मुद्दा खासतौर पर शामिल है।
रूस के उफा में प्रधानमंत्री मोदी और पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बीच दोनों देशों के बीच बातचीत को दोबारा शुरू करने को लेकर सहमति बनी थी। इस एजेंडे को तैयार करते समय पीएम नवाज शरीफ के साथ ही आर्मी के अधिकारी मौजूद थे। नवाज की ओर से सेना के अधिकारियों के साथ विचार विमर्श कर इस एजेंडे को मंजूरी दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications