एवेनफील्ड मामला: नवाज शरीफ की सजा को इस्लामाबाद कोर्ट में चुनौती देंगे पाकिस्तानी PM
पनामा पेपर्स की जांच के बाद 2017 में नवाज शरीफ की एमएनए के रूप में सदस्यता निलंबित कर दी गई थी और प्रधानमंत्री का पद संभालने से अयोग्य घोषित कर दिया गया था।

पाकिस्तान मुस्लिम लीग (पीएमएल-एन) के एक सत्र की अध्यक्षता करने वाले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एवेनफील्ड मामले के संबंध में इस्लामाबाद हाई कोर्ट (आईएचसी) में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की सजा को चुनौती देने का फैसला किया है। एआरवाई न्यूज ने सूत्रों के हवाले से ये खबर दी है। सूत्रों के हवाले से न्यूज चैनल ने बताया कि सत्र ने हाई कोर्ट द्वारा मरियम नवाज को बरी किए जाने के बाद IHC में जवाबदेही के लिए सजा को चुनौती देने का फैसला किया है।
समा न्यूज के मुताबिक जुलाई 2017, पनामा पेपर्स की जांच कर रही ज्वाइंट जांच टीम के रिजल्ट के बाद नवाज शरीफ की एमएनए के रूप में सदस्यता निलंबित कर दी गई थी। इसके साथ ही उन्हें प्रधानमंत्री का पद संभालने से अयोग्य घोषित कर दिया गया था।
समा न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, जर्मन अखबार Suddeutsche Zeitung ने दुनिया की सबसे बड़ी ऑफशोर लॉ फर्म मोसैक फोंसेका के डेटाबेस से करीब 1.15 करोड़ फाइलें हासिल कीं और उन्हें इंटरनेशनल कंसोर्टियम ऑफ इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट्स (आईसीआईजे) के साथ शेयर किया था।
आईसीआईजे (ICIJ) ने साल 2016 में पनामा पेपर्स जारी किए थे। इन पनामा पेपर्स के कागजात से पता चला कि नवाज शरीफ का परिवार लंदन मेफेयर और पार्क लेन के पॉश इलाकों में चार फ्लैटों का मालिक है। यह परिवार 90 के दशक से फ्लैटों का इस्तेमाल कर रहे थे। आरोप है कि नवाज शरीफ परिवार ने इन फ्लैटों को गलत पैसे से खरीदा था।
एआरवाई न्यूज ने सूत्रों का हवाला देते हुए कहा कि मरियम नवाज, जो इस समय लंदन में हैं, नवाज शरीफ के आने से पहले वापस आ जाएंगी, जिनकी वापसी की घोषणा लंदन से एक बयान के जरिए की जाएगी।
एआरवाई न्यूज ने सूत्रों के हवाले से यह भी कहा, "उनके जनवरी में पाकिस्तान लौटने की उम्मीद है।" आईएचसी ने 29 सितंबर को मरियम नवाज और उनके पति सेवानिवृत्त कैप्टन सफदर को बरी कर दिया था। अदालत ने एवेनफील्ड मामले में जवाबदेही अदालत द्वारा दी गई सजा को रद्द कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications