अभिनंदन पर पाकिस्तान की पोल खोलने वाले सांसद को सजा की धमकी, इमरान के मंत्री बोले- इस अपराध की कोई माफी नहीं
अभिनंदन पर पाकिस्तान की पोल खोलने वाले सांसद को सजा की धमकी, इमरान के मंत्री बोले- इस अपराध की कोई माफी नहीं
इस्लामाबाद: भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान (Wing Commander Abhinandan Varthaman) की रिहाई पर पाकिस्तान मुस्लिम लीग (पीएमएल-एन) के नेता और सांसद अयाज सादिक (PML-N leader Ayaz Sadiq) ने कहा था कि पाकिस्तान ने भारत के हमले के डर से विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को छोड़ा था। पाकिस्तान की इमरान खान की सरकार अब इस मामले पर अयाज सादिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण मंत्री शिबली फराज (Shibli Faraz) ने शुक्रवार (30 अक्टूबर) को कहा कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग के नेता अयाज सादिक का बयान माफी से परे था। अब उनके खिलाफ कानून अपना काम करेगी। उनके अपराध की कोई माफी नहीं है।

पाकिस्तान के मंत्री सूचना और प्रसारण मंत्री शिबली फराज ने ट्वीट करते हुए कहा, "अयाज सादिक की टिप्पणी माफी से परे है। अब कानून अपना काम करेगा। अयाज सादिक और उनके अनुयायियों को दंडित किया जाना चाहिए...क्योंकि उन्होंने देश को कमजोर करने का एक ऐसा अपराध किया है, जिसकी कोई माफी नहीं है।
अयाज सादिक ने जो गलती की, उसकी माफी नहीं: पाकिस्तानी मंत्री
इमरान खान के मंत्री शिबली फराज ने बकायदा धमकी देने के लहजे में ये बात कही है। उन्होंने कहा है कि अयाज सादिक ने जो गलती की है उसके लिए माफी नहीं दी जा सकती है और इसकी सजा दी जाएगी।
पाकिस्तानी न्यूज चैनल दुनिया टीवी के मुताबिक, पीएमएल-एन नेता अयाज सादिक के खिलाफ लाहौर के सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई है। अयाज सादिक को सरकार से प्रतिक्रिया के बाद टिप्पणी के लिए माफी मांगनी पड़ी है।
जानिए सांसद अयाज सादिक ने अभिनंदन वर्धमान पर क्या कहा था?
28 अक्टूबर को पाकिस्तान की संसद में पूर्व नेशनल असेंबली स्पीकर और सांसद अयाज सादिक ने दावा किया था कि भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को पाकिस्तान ने रिहा भारत के खौफ में किया था। अयाज सादिक ने संसद में अपने संबोधन में कहा, ''अभिनंदन को लेकर एक बैठक बुलाई गई थी, जिसमें खुद पीएम इमरान खान ने आने से साफ तौर पर इनकार कर दिया था। उसमें विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी आए थे लेकिन उनके पैर कांप रहे थे और चेहरे पर पसीना था, उन्होंने कहा था खुदा के वास्ते इसे (अभिनंदन) छोड़ दो, नहीं तो भारत 9 बजे तक अटैक कर देगा।''
फरवरी 2019 में पाकिस्तान ने भारत पर हमला किया था और अपना फाइटर जेट भेजा था। इसका मुकाबला करने के लिए भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान ने मिग-21 में उड़ान भरी थी। जो क्रैश हो गया था और पीओके में जा गिरा था। अभिनंदन को पीओक से पाकिस्तान आर्मी ने कब्जे में ले लिया था। हालांकि पाकिस्तान पर काफी दबाव बनाया गया, जिसके बाद अभिनंदन को अटारी-वाघा बॉर्डर से भारत वापस लौटाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications