तो क्या सज्जन जिंदल हैं पीएम मोदी के अचानक लाहौर दौरे की वजह?
लाहौर। अब से थोड़ी ही देर में पीएम नरेंद्र मोदी पाकिस्तान के लाहौर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे। पीएम मोदी पहली बार पाकिस्तान पहुंच रहे हैं और अगले वर्ष फिर से वह सार्क सम्मेलन में हिस्सा लेने पाकिस्तान जाएंगे।

पीएम मोदी के इस अचानक कुछ घंटे के पाकिस्तान दौरे से हर कोई हैरान है। वहीं एक नाम जो बार-बार हर किसी के जेहन में आ रहा है वह जिंदल स्टील्स के सज्जन जिंदल का।
काठमांडू में हुई थी एक घंटे की सीक्रेट मीटिंग
सज्जन पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ के करीबी हैं और वह भी आज ही लाहौर पहुंचे हैं। सज्जन कांग्रेस के पूर्व सांसद नवीन जिंदल के भाई भी हैं। नवाज शरीफ और मोदी की नेपाल के काठमांडू में सार्क सम्मेलन के दौरान हुई मुलाकात हर किसी को याद है।
साथ ही यह भी कोई नहीं भूला है कि दोनों नेता सम्मेलन की शुरुआत में एक दूसरे की ओर देख भी नहीं रहे थे। लेकिन इसी सम्मेलन में दोनों नेताओं के बीच एक घंटे की एक सीक्रेट मीटिंग भी हुई थी।
सार्क सम्मेलन से अलग हुई इस सीक्रेट मीटिंग पीछे सज्जन जिंदल की कोशिशों को श्रेय दिया जा रहा था। सीनियर जर्नलिस्ट बरखा दत्त ने हाल ही में अपनी किताब में इस बात का खुलासा किया है।
बरखा ने अपनी किताब में लिखा है कि सबके सामने एक-दूसरे से मुंह चुराने वाले पीएम शरीफ और पीएम मोदी को एक व्यक्ति ऐसा मिला जो चीजों के कठिन होने के बावजूद उन्हें एक साथ जोड़कर रख सकता है।
दत्त ने अपनी किताब में जिंदल को दोनों नेताओं के बीच एक तरह के अप्रत्यक्ष पुल के तौर पर परिभाषित किया है।












Click it and Unblock the Notifications