Imran Khan के समर्थकों में उबाल, PM शहबाज के घर धावा बोला, पेट्रोल बम फेंकने की खबरें
इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान में संकट गहराता दिख रहा है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के आवास पर अटैक होने की सूचना है। रिपोर्ट्स के अनुसार पीटीआई समर्थकों ने पीएम आवास पर पेट्रोल बम फेंके हैं।

Imran Khan की गिरफ्तारी पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनती दिख रही है। कानून व्यवस्था के मोर्चे पर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। खुद पीएम आवास की सुरक्षा भी दांव पर है। पेट्रोल बम से हमले की खबर सामने आई है।
लाहौर से आई रिपोर्ट के अनुसार, इमरान खान के समर्थकों ने पाक पीएम शहबाज शरीफ के घर पर हमला किया। पीएम के घर के अंदर इमरान की पार्टी- पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) समर्थकों ने पेट्रोल बम भी फेंके।
पुलिस के अनुसार, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के 500 से अधिक बदमाश बुधवार तड़के प्रधानमंत्री के मॉडल टाउन लाहौर स्थित आवास पर पहुंचे और वहां खड़े वाहनों में आग लगा दी।
पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को बताया, प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंती के घर में पेट्रोल बम भी फेंके। जिस समय बदमाशों ने हमला किया उस वक्त प्रधानमंत्री आवास पर केवल गार्ड मौजूद थे।
रिपोर्ट में बताया गया कि इमरान खान की गिरफ्तारी से आक्रोशित पीटीआई समर्थकों ने ने वहां एक पुलिस चौकी को भी आग के हवाले कर दिया। उन्होंने कहा, "जैसे ही पुलिस का एक भारी दल वहां पहुंचा, पीटीआई प्रदर्शनकारी वहां से चले गए।"
प्रधानमंत्री आवास पहुंचने से पहले, भीड़ ने मॉडल टाउन में सत्तारूढ़ पीएमएल-एन सचिवालय पर हमला किया, वहां खड़े वाहनों में आग लगा दी। उन्होंने वहां के अवरोधकों को भी आग के हवाले कर दिया।
पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने पिछले दो दिनों - मंगलवार और बुधवार के दौरान पंजाब में 14 सरकारी प्रतिष्ठानों/इमारतों और 21 पुलिस वाहनों में आग लगा दी। मंगलवार को लाहौर में कॉर्प्स कमांडर हाउस में तोड़फोड़ के बाद आगजनी हुई थी।
इससे पहले समाचार एजेंसी ANI के अनुसार पीटीआई के वरिष्ठ नेता को सुप्रीम कोर्ट कैंपस के बाहर से अरेस्ट किया गया। पीटीआई के सीनियर वाइस प्रेसिडेंड फवाद चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि भूमि हस्तांतरण भ्रष्टाचार मामले में राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) ने पीटीआई प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को अरेस्ट किया है। गिरफ्तारी के बाद बुधवार को लाहौर और पंजाब के कई अन्य शहरों में स्थिति तनावपूर्ण रही।
देश की राजधानी इस्लामाबाद के साथ-साथ पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में बुधवार को कानून और कानून बनाए रखने के लिए सेना को तैनात किया गया है।
पाकिस्तान के अलग-अलग शहरों से इमरान खान के समर्थकों और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झड़पों की खबरें सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक कम से कम सात लोगों की मौत हो चुकी है। लगभग 300 घायल हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications